समाचार · छत्तीसगढ़
70 फीट ऊंची पानी टंकी पर बच्चे का स्टंट,VIDEO:ऊपर चढ़कर पैर लटकाते दिखे, भिलाई में नगर निगम की नई पानी टंकी बनी सेल्फी स्पॉट
भिलाई में जोन-2 वार्ड-26 स्थित आजाद चौक पर हाल ही में बनाई गई करीब 70 फीट ऊंची नई पानी टंकी लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है। टंकी का निर्माण तो पूरा हो चुका है, लेकिन इसकी टेस्टिंग अभी तक नहीं हुई है। इसके बावजूद मोहल्ले के बच्चे और युवा इस पर चढ़कर फोटो शूट कर रहे हैं और खतरनाक स्टंट भी कर रहे हैं। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसे स्थानीय लोगों ने शेयर किया है। वीडियो देखने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ बच्चे पानी की टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गए हैं। वहां वे मस्ती करते और फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि एक बच्चा करीब 70 फीट की ऊंचाई पर बैठकर दो बार अपने दोनों पैर टंकी से बाहर लटका देता है। जरा-सी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो देखने वाले लोग भी इसे बेहद खतरनाक बता रहे हैं। पहले देखिए ये तस्वीरें…
गार्ड की बात भी नहीं मानते बच्चे और युवा
स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकी के नीचे सुरक्षा के लिए गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद बच्चे और युवा किसी तरह ऊपर तक पहुंच जा रहे हैं। गार्ड ने कई बार समझाने का प्रयास किया लेकिन मोहल्ले के बच्चे और युवा गार्ड की बात नहीं मानते। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बाद जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा। 70 फीट उंची है पानी की टंकी
जानकारी के मुताबिक यह पानी टंकी भिलाई नगर निगम ने रामनगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए बनवाई है। टंकी की क्षमता 2000 किलोलीटर है और इसकी ऊंचाई करीब 70 फीट है। निर्माण कार्य हाल ही में पूरा हुआ है। अभी इसकी टेस्टिंग भी बाकी है और नियमित रूप से पानी सप्लाई शुरू नहीं हुई है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि नई टंकी बनने के बाद से ही यह युवाओं के लिए सेल्फी और फोटो शूट की जगह बन गई है। कई बार बच्चे और युवक ऊपर चढ़कर रील बनाते हैं और एक-दूसरे की फोटो खींचते हैं। इससे पहले भी उन्हें समझाया गया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। सख्ती बरतने की जरूरत
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि टंकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए। ऊपर जाने वाले रास्ते को पूरी तरह बंद किया जाए और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं। साथ ही चेतावनी वाले बोर्ड भी लगाए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति जान जोखिम में डालकर टंकी पर चढ़ने की कोशिश न करे। यहां सख्ती बरतने की जरूरत है। अगर अब भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।