समाचार · पंजाब
लुधियाना में वक्फ बोर्ड की टीम पर हमला:जमीन पर कब्जा लेने पहुंची थी,रेंट कलेक्टर से मारपीट; 5 नामजद समेत अन्य पर केस
लुधियाना में वक्फ बोर्ड की जमीन का कब्जा लेने पहुंची पंजाब वक्फ बोर्ड की टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में थाना हैबोवाल पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि हमलावरों ने बोर्ड के कर्मचारियों से मारपीट की, जिसमें एक रेंट कलेक्टर घायल हो गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पंजाब वक्फ बोर्ड, लुधियाना की ओर से दी गई। शिकायत (ईओ/पीडब्ल्यूबी/एलडीएच/3040, दिनांक 29 जुलाई 2026) के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता परमजीत सिंह, एस्टेट ऑफिसर, पंजाब वक्फ बोर्ड ने बताया कि 24 जुलाई 2026 को जारी वारंट ऑफ पजेशन के तहत 29 जुलाई को पुलिस सहायता के साथ बोर्ड की टीम कब्जा लेने के लिए गांव जस्सियां पहुंची थी। शिकायत के मुताबिक टीम में पंजाब वक्फ बोर्ड के हलका कानूनगो जसवीर सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और वक्फ बोर्ड की जमीन का कब्जा लेने का विरोध करने लगे। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने गुस्से में आकर बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस दौरान वक्फ बोर्ड के रेंट कलेक्टर मोहम्मद अदनान को गंभीर चोटें आईं। हालात बिगड़ते देख बोर्ड की टीम किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकली। इन आरोपियों को किया गया नामजद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनप्रीत सिंह, हरजीत सिंह चीमा, नरेंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी, पवन मान उर्फ बबला तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। थाना हैबोवाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 115(2), 126 और 351 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।