समाचार · मध्य प्रदेश
अमरपाटन कोर्ट परिसर से 30 हजार रुपए समेत बैग गायब:बैंक से कैश निकालकर पहुंचे व्यक्ति की बाइक से चोरी; CCTV खंगाल रही पुलिस
मैहर जिले के अमरपाटन कोर्ट परिसर में शुक्रवार दोपहर एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल से 30 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया। पीड़ित ने अमरपाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बैंक से 30 हजार निकालकर कोर्ट काम से पहुंचे थे ग्राम धौरहरा निवासी पीड़ित अवनीश कुमार मिश्रा इंडियन बैंक से 30 हजार रुपए निकालकर न्यायालय परिसर आए थे। वे अपनी टीवीएस बाइक (MP-19-MN-2479) पर बैग टांगकर पास ही स्थित टाइपिंग दुकान पर दस्तावेज देने गए थे। टाइपिंग कराकर लौटे तो गाड़ी से गायब मिला पैसों का बैग अवनीश जब टाइपिंग दुकान से काम निपटाकर वापस लौटे, तो मोटरसाइकिल पर रखा बैग गायब था। बैग में 30 हजार रुपये नकद के साथ बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। काफी खोजबीन के बाद भी बैग का पता नहीं चला। बैंक से दो युवकों के पीछा करने का शक पीड़ित अवनीश मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बैंक से पैसे निकालने के बाद से ही दो अज्ञात व्यक्ति उनका पीछा कर रहे थे। उन्हें आशंका है कि उन्हीं संदिग्धों ने मौका देखकर बाइक से बैग पार कर दिया। अमरपाटन पुलिस ने शुरू की मामले की जांच शिकायत मिलने के बाद अमरपाटन पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस न्यायालय परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।