Monday, 6 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कोरबा में भारी बारिश, पुलिया टूटी और सड़कें बनी तालाब:बेलगरी नाला बस्ती जलमग्न, घरों तक पहुंचा पानी, बालको मार्ग पर आवागमन ठप

INT News6 July 2026 at 09:33 pm

कोरबा जिले में सोमवार सुबह से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला पर करोड़ों रुपए की लागत से बनी पुलिया पहली ही बारिश में ध्वस्त हो गई। वहीं, कोरबा-बालको मुख्य मार्ग तालाब में तब्दील हो गया और बेलगरी नाला बस्ती जलमग्न हो गई। जोगीनाला पुलिया का एक हिस्सा तेज बहाव के कारण टूटकर बह गया, जिससे सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान अनियमितताओं की शिकायतें की गई थीं, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण स्थल पर कोई सूचना पटल नहीं लगाया गया था। इससे पुलिया बनाने वाले विभाग, एजेंसी या ठेकेदार के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। निर्माण लागत, स्वीकृति तिथि और कार्यदायी संस्था जैसी महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक न होने से भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ गई है। दूसरी ओर, कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर बालको चेकपोस्ट के पास घुटनों तक पानी भर गया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्कूली बच्चे, कर्मचारी और अन्य राहगीर घंटों तक फंसे रहे और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बालको की बेलगरी नाला बस्ती के आसपास भी जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। नालियों का पानी घरों के पास तक पहुंच गया है। बस्ती के निवासियों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति होती है, लेकिन जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। नगर के कई अन्य प्रमुख मार्गों, चौराहों और निचले इलाकों में भी सड़कों और नालियों का पानी भर गया है। लगातार बारिश से पूरे जिले का जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और निचले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।