Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · महाराष्ट्र

सोनिया गांधी की किताब फाड़ने में शिवसेना नेत्री ने फाड़ दी बाल ठाकरे की फोटो, भड़की उद्धव की पार्टी

INT News18 November 2026 at 09:45 pm

Sonia Gandhi Book Protest Mumbai: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब का विरोध करने पहुंचीं शिवसेना नेता शाइना एनसी खुद विवादों में घिर गई हैं. मुंबई में बुधवार को शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी के संस्मरण में वीर सावरकर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर की गई टिप्पणियों के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस दौरान नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़ीं. लेकिन विरोध-प्रदर्शन के बीच शाइना एनसी ने एक ऐसा कागज फाड़ दिया, जिस पर शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर छपी थी. इस घटना को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है. वहीं, शाइना ने बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने या उनका अपमान करने से इनकार किया है.

सोनिया गांधी की किताब का विरोध करने पहुंची थीं शिवसेना नेता

मुंबई में शिवसेना ने बुधवार (18 नवंबर) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया था. इसमें शाइना एनसी के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय निरूपम, शीतल म्हात्रे और आनंद दुबे भी मौजूद थे. नेताओं ने सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में वीडी सावरकर और RSS को लेकर की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई. विरोध दर्ज कराने के लिए उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किताब की प्रतियां फाड़ीं. सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में लिखा है कि सावरकर ने ब्रिटिश शासन के सामने दया याचिकाएं दायर की थीं. किताब में RSS के सदस्यों के ब्रिटिश अधिकारियों के लिए मुखबिर के रूप में काम करने का भी उल्लेख है. इन्हीं टिप्पणियों को लेकर शिवसेना नेताओं ने प्रदर्शन किया.

बाल ठाकरे की तस्वीर वाला कागज फटते ही चौंक गईं शाइना NC

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब शाइना एनसी ने अनजाने में एक ऐसा कागज फाड़ दिया, जिस पर बाल ठाकरे की तस्वीर छपी थी. इस तस्वीर में शिवसेना संस्थापक को पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर के पुतले को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया था. घटनाक्रम के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने शाइना को इसके बारे में सचेत किया. इसके बाद वह चौंकती हुई दिखाई दीं और धीमी आवाज में 'सॉरी' कहकर फटे हुए कागज को मेज पर रख दिया. इस घटना के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी.

शाइना NC ने दी सफाई, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

विवाद बढ़ने के बाद शाइना एनसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपना पक्ष रखा. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने बाल ठाकरे की नहीं, बल्कि मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी. शाइना ने सवाल उठाया कि आखिर उन्होंने कब बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ी या उनका अनादर किया. उन्होंने कहा कि घटना को जानबूझकर गलत तरीके से पेश कर झूठा विमर्श तैयार किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि उनके खिलाफ मानहानिकारक दावे फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

शाइना NC के बचाव में उतरे एकनाथ शिंदे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर साधा निशाना

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर का अपमान किया गया है. उन्होंने राहुल गांधी पर भी बार-बार सावरकर को बदनाम करने का आरोप लगाया. शिंदे ने कहा कि बाल ठाकरे उनके लिए देवता समान हैं और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं होगा. शाइना NC का बचाव करते हुए उन्होंने दावा किया कि तस्वीर में बाल ठाकरे नहीं, बल्कि मणिशंकर अय्यर का चेहरा फाड़ा गया था. उन्होंने कहा कि तस्वीर उन्होंने खुद देखी है.

?ref_src=twsrc%5Etfw">

बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर भड़की शिवसेना UBT

बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने के विवाद पर शिवसेना (UBT) की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. पार्टी नेता संजय राउत ने एकनाथ शिंदे से सवाल किया गया कि क्या वह बालासाहेब की विरासत के नाम पर ऐसे समर्थक तैयार कर रहे हैं. उन्होंने शिंदे गुट के नेताओं को अवसरवादी बताते हुए उनकी विचारधारा और वफादारी पर भी सवाल उठाए गए. उन्होंने कहा कि बालासाहेब का अपमान करने वालों को कोड़े से मारा जाना चाहिए.

?ref_src=twsrc%5Etfw">

कांग्रेस ने पूछा, विचारों से असहमति है तो किताब क्यों फाड़ी?

कांग्रेस नेताओं बालासाहेब थोराट और विजय वडेट्टीवार ने सोनिया गांधी के संस्मरण की प्रतियां फाड़ने की निंदा की. थोराट ने कहा कि किसी किताब में लिखी बातों से असहमति जताना सभी का अधिकार है, लेकिन इसके लिए किताब को पढ़ना और उसके विचारों पर बहस करना ज्यादा उचित तरीका है. उन्होंने कहा कि किताब फाड़कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है. सार्वजनिक जीवन में मतभेद सभ्य और लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त किए जाने चाहिए.

किताब के पन्ने फाड़ देने से न इतिहास मिटाया जा सकता है और न ही सच्चाई को दबाया जा सकता है. यदि किसी को किताब में लिखे विचारों से आपत्ति है, तो वह लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करे, अपनी राय सामने रखे या जवाब में दूसरी किताब लिखे- विजय वडेट्टीवार

BMC की बैठक से शिवसेना UBT और MNS पार्षदों का वॉकआउट

इस मामले का असर बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) की आम सभा की बैठक में भी दिखाई दिया. शिवसेना (उबाठा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के पार्षदों ने घटना का विरोध करते हुए बैठक से वॉकआउट किया. इसके अलावा शिवसेना (UBT) के समर्थकों ने महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किए. पार्टी नेता अनिल परब ने भी शाइना एनसी की आलोचना की. उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से अपनी पार्टी की नेता के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए बेहद तीखी टिप्पणी की. परब ने कहा कि शिंदे को इस हरकत के लिए शाइना को खुद जूते से पीटना चाहिए.

Also Read: Supreme Court: दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के खिलाफ याचिका, कांग्रेस, AAP, CJP और AISA को नोटिस