Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

आकासा एयर के पायलटों की सैलरी में 20% बढ़ोतरी, साल में मिलेंगी 42 दिन की छुट्टियां

INT News28 October 2026 at 10:50 pm

आकासा एयर के पायलटों के लिए अच्छी खबर है. रिपोर्ट की मानें तो एयरलाइन अपने पायलटों की सैलरी में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में है. इसके साथ ही हर महीने न्यूनतम गारंटीड फ्लाइंग आवर्स बढ़ाकर 50 किए जाएंगे. पायलटों को साल में कम से कम 42 दिन की छुट्टियां भी मिलेगी. ये बदलाव 1 जनवरी, 2027 से लागू हो सकती है. हालांकि, एयरलाइन की ओर से इस बारे में आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है.

1 जनवरी, 2027 से लागू होंगे नए नियम

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आकासा एयर पायलटों की फिक्स्ड सैलरी और प्रति घंटे मिलने वाले भुगतान, दोनों में बढ़ोतरी करेगी. यह इजाफा अधिकतम 20 प्रतिशत तक हो सकता है. हालांकि, हर पायलट की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसको लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कहा गया है. वेतन और छुट्टियों से जुड़े इन बदलावों की जानकारी बुधवार को एक इंटरनल मीटिंग में ली गई और इसके बाद एयरलाइन के फ्लाइट ऑपरेशंस डायरेक्टर कैप्टन संकेत लिमये ने पायलटों को नए बदलावों के बारे में बताया.

हर महीने 50 घंटे की गारंटीड फ्लाइंग

नई व्यवस्था के तहत सामान्य वर्क पैटर्न में पायलटों के लिए हर महीने न्यूनतम गारंटीड फ्लाइंग आवर्स बढ़ाकर 50 किए जाएंगे. इसके अलावा, उन्हें काम करने के अलग-अलग पैटर्न में से चुनने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे. गारंटीड फ्लाइंग आवर्स का मतलब उन तय घंटों से है, जिनके लिए पायलट को सुनिश्चित भुगतान मिलता है. यानी अगर किसी महीने पायलट की उड़ान के घंटे कम रहते हैं, तब भी तय नियमों के अनुसार उसे इन घंटों का भुगतान मिल सकता है.

ये भी पढ़ें: Video : सैटेलाइट में कैद हुआ अर्नब का खौफनाक रूप, देखिए आंध्र प्रदेश के तट से कैसे टकराया तूफान

साल में कम से कम 42 दिन की छुट्टियां

आकासा एयर ने पायलटों के लिए न्यूनतम सालाना छुट्टियां बढ़ाकर 42 दिन करने का फैसला भी किया है. हालांकि, पायलट अपने लिए उपलब्ध फ्लेक्सिबल वर्क ऑप्शन चुनते हैं, तो छुट्टियों की संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है. इसके अलावा, पायलटों को बढ़ी हुई सैलरी के साथ लॉयल्टी रिवॉर्ड और पहले घोषित लॉन्ग टर्म इंसेंटिव प्लान (एलटीआईपी) का लाभ भी मिलेगा.

तेजी से विस्तार कर रही है आकासा एयर

आकासा एयर ने अगस्त 2022 में कमर्शियल फ्लाइट सर्विस शुरू की थी. फिलहाल, एयरलाइन के बेड़े में बोइंग 737 मैक्स के 45 विमान हैं और कंपनी में 800 से ज्यादा पायलट काम कर रहे हैं. एयरलाइन अपने बेड़े और फ्लाइट रूट्स का विस्तार कर रही है. ऐसे में पायलटों की सैलरी, छुट्टियों और काम के विकल्पों में बदलाव को अहम कदम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: लैंडफॉल के बाद आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 'साइक्लोन अर्नब' का तांडव, तस्वीरों में देखिए कहां कितना नुकसान

पायलटों की थकान पर भी ध्यान

विमानन क्षेत्र में इन दिनों फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) को लेकर भी चर्चा जारी है. पायलटों की थकान और उनकी ड्यूटी से जुड़े नियमों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. ऐसे में आकासा एयर की नई व्यवस्था पायलटों की कामकाजी स्थिति के लिहाज से महत्वपूर्ण है. हालांकि, सैलरी में बढ़ोतरी, गारंटीड फ्लाइंग आवर्स और छुट्टियों से जुड़ी जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है. आकासा एयर की ओर से इस पर आधिकारिक बयान नहीं आया है.