Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उमरिया में किसानों को नहीं मिल रही खाद:घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटे; उपसंचालक कृषि बोले-'मेरा विभाग नहीं'

INT News10 August 2026 at 03:48 pm

उमरिया जिले में बारिश के बाद कृषि कार्य में तेजी आने से खाद की मांग बढ़ गई है। किसानों को खाद के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय स्थित सहकारी विपणन संघ के गोदाम में लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन कई किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। खाद लेने के लिए उमरिया जिला मुख्यालय के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी किसान पहुंच रहे हैं। सुबह से लाइन में लगने के बावजूद किसानों का नंबर देर शाम तक नहीं आ रहा है, जिससे उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसान बोले-पूरा दिन लाइन में खड़े रहना पड़ा किसानों का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद के लिए पूरा दिन लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। इसके बावजूद खाद मिलने की कोई गारंटी नहीं है। खाद न मिलने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है और यदि समय पर खाद नहीं मिली तो फसल पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। खाद लेने पहुंचे किसान देवलाल सिंह ने बताया कि वह काफी देर से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आया है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि सुबह से इंतजार के बाद भी खाद कब मिलेगी, यह स्पष्ट नहीं है। उपसंचालक बोले-मेरा विभाग नहीं इस संबंध में जब कृषि विभाग के उपसंचालक संग्राम सिंह मरावी से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि यह उनके विभाग का मामला नहीं है और वह इसमें कुछ नहीं कर सकते। उपसंचालक के इस जवाब ने किसानों की समस्या को लेकर व्यवस्था और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जानकारी कलेक्टर राखी सहाय तक पहुंचने पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था में सुधार करवाने की बात कही है।