Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

IND vs NEP: वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजरें, नेपाल के खिलाफ ऐसी हो सकती है इंडिया ए की प्लेइंग XI

INT News18 November 2026 at 10:02 pm

IND A vs NEP: एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया ए अपने अभियान की शुरुआत नेपाल के खिलाफ करेगी. 20 नवंबर को दोहा में होने वाले इस मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर खास नजरें रहेंगी. अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम की बल्लेबाजी भी काफी मजबूत दिखाई दे रही है. आइए जानते हैं कि पहले मुकाबले में कैसी हो सकती है इंडिया ए की प्लेइंग इलेवन.

इंडिया ए और नेपाल के बीच यह मुकाबला शुक्रवार, 20 नवंबर को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी तिलक वर्मा के हाथों में है, जबकि रिंकू सिंह उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे. टीम की कोशिश जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करने की होगी.

अभिषेक शर्मा और वैभव कर सकते हैं ओपनिंग

इंडिया ए की पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी कर सकते हैं. अभिषेक को टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है. अब वह 50 ओवर के फॉर्मेट में भी अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे. दूसरी ओर, वैभव के पास एक बार फिर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका होगा. 15 साल के इस युवा बल्लेबाज से फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी.

विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को तीसरे नंबर पर उतारा जा सकता है. वह लगातार इंडिया ए के लिए अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं और टीम को तेज शुरुआत के बाद पारी संभालने का विकल्प भी देते हैं.

तिलक और रिंकू संभालेंगे मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी

कप्तान तिलक वर्मा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं. उनके पास इस टूर्नामेंट में अपनी कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी का दम दिखाने का भी मौका है. वहीं, उपकप्तान रिंकू सिंह पांचवें नंबर पर उतर सकते हैं. रिंकू अच्छी लय में हैं और मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी निभा सकते हैं.

छठे नंबर पर आयुष बदोनी को मौका मिल सकता है. वह जरूरत के मुताबिक पारी को संभालने के साथ तेजी से रन भी बना सकते हैं.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 1st Test: फ्री में कहां देखें भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच? जानें लाइव टेलीकास्ट डिटेल्स

गेंदबाजी में इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

गेंदबाजी विभाग में शाहबाज अहमद और हर्ष दुबे स्पिन ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं. टीम मैनेजमेंट शाहबाज को विप्रज निगम और तनुष कोटियन से पहले मौका दे सकता है. वहीं, तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर अरशद खान को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है.

तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी हर्षित राणा और प्रिंस यादव संभाल सकते हैं. चोट से वापसी कर रहे हर्षित के लिए भी यह मुकाबला अहम होगा. वहीं, प्रिंस यादव के पास 50 ओवर के फॉर्मेट में अपनी उपयोगिता साबित करने का अच्छा मौका रहेगा.

नेपाल के खिलाफ ऐसी हो सकती है इंडिया ए की प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे, अरशद खान, हर्षित राणा और प्रिंस यादव.

इंडिया ए (India A): तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 1st Test: पहले दिन क्या वेलिंगटन में बारिश बनेगी विलेन? जानें पिच और मौसम का हाल