समाचार · हरियाणा
झज्जर सवेरा स्कूल की बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान:तमन्ना और साक्षी भारतीय पैरा हॉकी टीम में शामिल, नीदरलैंड्स में दिखाएंगी दम,विश्व कप में 16 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
झज्जर खेल के मैदान में झज्जर की बेटियां एक बार फिर जिले का नाम रोशन करने जा रही हैं। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आयोजित होने वाले पहले एफआईएच पैरा हॉकी विश्व कप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में झज्जर की तमन्ना और साक्षी को जगह मिली है। दोनों खिलाड़ी अब 20 से 24 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में होने वाले ऐतिहासिक विश्व कप में भारतीय टीम के साथ हॉकी का दम दिखाएंगी। 29 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ था सफर इस ऐतिहासिक सफर की नींव 29 अक्टूबर 2025 को गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम में रखी गई थी। यहां पैरा हॉकी का नेशनल लेवल-1 कोचिंग कैंप आयोजित हुआ। इसके बाद 22 से 26 फरवरी 2026 तक फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्टेडियम में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए पहली राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की गई। इसके बाद खिलाड़ियों को विश्व कप के लिए तैयार करने के उद्देश्य से 15 से 24 जुलाई तक फरीदाबाद में राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। अब 9 से 18 अगस्त तक अंतिम प्रशिक्षण शिविर के बाद 18 अगस्त को भारतीय पैरा हॉकी टीम नीदरलैंड्स के लिए रवाना होगी। तमन्ना बनीं गोलकीपर, साक्षी करेंगी डिफेंस मजबूत भारतीय टीम में शामिल झज्जर की तमन्ना मिडफील्डर के साथ गोलकीपर की भूमिका भी निभा सकती हैं, जबकि साक्षी को डिफेंडर के रूप में टीम में शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ियों से भारतीय टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। टीम में पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, केरल और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय पैरा हॉकी टीम के सम्मान में आज फरीदाबाद के सेक्टर-81 में एक सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। 16 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा पहले पैरा हॉकी विश्व कप में भारत के अलावा बेल्जियम, नीदरलैंड्स, मलेशिया, पाकिस्तान, फ्रांस, जर्मनी, जापान, आयरलैंड, इटली, अमेरिका, बुल्गारिया, चिली, इंग्लैंड, स्पेन और उज्बेकिस्तान की टीमें हिस्सा लेंगी। 20 से 23 अगस्त तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 24 अगस्त को फाइनल और पदक मुकाबले होंगे। झज्जर की तमन्ना और साक्षी के भारतीय टीम में चयन से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अब पूरे जिले की नजर रहेगी। तमन्ना को एक साल में गुस्से से खेल तक लाए शिक्षक सवेरा स्पेशल स्कूल के प्राचार्य लोकेश कुमार ने बताया कि 15 वर्षीय तमन्ना करीब एक साल पहले स्कूल से जुड़ी थी। मानसिक रूप से दिव्यांग तमन्ना शुरुआत में काफी आक्रामक रहती थी। छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करना और बच्चों से झगड़ना उसकी आदत थी। शिक्षकों ने लगातार काउंसिलिंग के साथ उसे खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा। धीरे-धीरे उसके व्यवहार में बदलाव आया और उसकी ऊर्जा खेलों में लगने लगी। लोकेश कुमार के अनुसार, तमन्ना ने हॉकी में अपनी प्रतिभा दिखाई और मेहनत के दम पर अब भारतीय पैरा हॉकी टीम तक पहुंची है। साक्षी 11 साल से स्कूल से जुड़ी, खेलों ने बढ़ाया आत्मविश्वास प्राचार्य लोकेश कुमार ने बताया कि करीब 20 वर्षीय साक्षी पिछले 11 वर्षों से सवेरा स्पेशल स्कूल में पढ़ रही है। स्कूल आने के शुरुआती दिनों में वह बेहद गुमसुम रहती थी और किसी से बातचीत नहीं करती थी। शिक्षकों ने उसे धीरे-धीरे समूह गतिविधियों और अलग-अलग खेलों से जोड़ा। इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ा और वह सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय होने लगी। साक्षी ने साइक्लिंग और वेटलिफ्टिंग में भी प्रतिभा दिखाई। इस वर्ष उसे हॉकी की स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया गया, जहां उसके प्रदर्शन के बाद भारतीय पैरा हॉकी टीम में चयन हुआ। लोकेश कुमार ने कहा कि दोनों बेटियों का देश की टीम तक पहुंचना स्कूल के लिए गर्व की बात है।