national
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत, राहुल गांधी बोले- डबल इंजन को गांवों ने जवाब दे दिया

राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन से पार्टी में उत्साह का माहौल है. जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस को मिली बढ़त के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ग्रामीण मतदाताओं का आभार जताया है. उन्होंने इस जीत को बीजेपी की नीतियों के खिलाफ ग्रामीण जनता का जवाब बताया. राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी और गांवों से हो रहे पलायन को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ''राजस्थान के ग्रामीण भाइयों-बहनों का दिल से धन्यवाद. पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी जिम्मेदारी है.''
'डबल इंजन' सरकार को जनता ने दिया जवाब
राहुल गांधी ने राजस्थान में कांग्रेस के प्रदर्शन को बीजेपी की डबल इंजन सरकार के निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह जवाब उसी राज्य से आया है, जहां बीजेपी की अपनी सरकार है. राहुल गांधी ने कहा कि ग्रामीण जनता ने चुनाव के माध्यम से सरकार की नीतियों पर अपनी नाराजगी जाहिर की है.
मनरेगा और किसानों के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर मनरेगा को कमजोर करने और किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने मनरेगा पर हमला किया, किसानों को घाटे में डुबोया और पंचायतों के अधिकार छीनने का काम किया. राहुल गांधी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और किसानों की आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दे जनता के बीच लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं. पंचायत चुनाव के नतीजों को उन्होंने इन्हीं मुद्दों पर जनता की प्रतिक्रिया बताया.
महंगाई, बेरोजगारी और पलायन को बताया हार की वजह
राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए महंगाई, बेरोजगारी और पलायन का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं ने गांवों को खाली करने का काम किया है. ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में दूसरे स्थानों की ओर जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा था, लेकिन अब ग्रामीण जनता ने चुनाव के जरिए अपनी आवाज बुलंद कर दी है.
'गांव सब देख रहा था, अब उसने बोल दिया है'
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि गांवों के लोग सब कुछ देख रहे थे और परेशानियां झेल रहे थे. अब उन्होंने अपने वोट के जरिए जवाब दे दिया है. उन्होंने पंचायत चुनाव के परिणामों को केवल राजस्थान तक सीमित नहीं, बल्कि इसे देश के ग्रामीण इलाकों की बीजेपी का गुस्सा है. राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ राजस्थान का जनादेश नहीं, बल्कि देश के हर गांव की आवाज है.
ये भी पढ़ें: 'उम्मीद है अब आप शिकायत नहीं करेंगे', दिल्ली में बोले पाकिस्तानी मंत्री, SCO में शामिल होने आए हैं भारत