समाचार · मध्य प्रदेश
युवती का भाभी पर हत्या की साजिश का आरोप:कहा- UP के पुलिसकर्मी और दोस्तों की मदद से पति को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश, FIR
इंदौर के तिलक नगर थाने में 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर उसकी रिश्ते में लगने वाली भाभी और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। युवती ने आरोप लगाया है कि उसके खिलाफ मारपीट, बदनाम करने, झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की साजिश रची जा रही थी। पुलिस ने मामले में भाभी श्रद्धा को आरोपी बनाया है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। युवती मूल रूप से इंदौर से बाहर की रहने वाली है और पिछले कई सालों से यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। उसने पुलिस को बताया कि 19 मई को वह अपनी स्कूटी लेने रिश्ते के भाई के आनंदवन स्थित घर गई थी। वहां भाभी श्रद्धा ने उसके साथ अपशब्द कहे और मारपीट की। साथ ही रिश्तेदार भाई के साथ उसके कथित अवैध संबंध होने का आरोप लगाया। बाद में भाई के घर आने पर युवती वहां से चली गई। परिवार खराब होने के डर से उसने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की। भाभी की बहन के बॉयफ्रेंड ने दी साजिश की जानकारी युवती के मुताबिक, 21 जून को उसे रिश्तेदार भाभी श्रद्धा यादव की बहन आस्था के बॉयफ्रेंड अखिलेश यादव का फोन आया। अखिलेश ने उसे कथित तौर पर बताया कि श्रद्धा, उसकी बहन आस्था, सृष्टि, आर्यन नामदेव, शिवेंद्र पाठक, अरुण त्रिवेदी, स्नेहलता सिंह और सौरभ पंडित उसके खिलाफ जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। आरोप है कि उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की भी योजना बनाई जा रही थी। अखिलेश ने युवती को यह भी बताया कि उसके रिश्तेदार भाई को नींद की गोलियां दी जा रही हैं, घर में गुप्त रूप से कैमरे लगाए गए हैं और मोबाइल फोन के एक्सेस से छेड़छाड़ की गई है। फर्जी आईडी बनाकर फंसाने का भी आरोप युवती ने पुलिस को बताया कि लड़कियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर उन्हें हनीट्रैप जैसे मामलों में फंसाने की साजिश की जा रही थी। अखिलेश और युवती के बीच करीब एक सप्ताह तक इस संबंध में बातचीत हुई। अखिलेश ने कथित तौर पर उसे बताया कि आर्यन, शिवेंद्र, स्नेहलता और सौरभ पंडित ने 20 से 24 मई के बीच उसके रिश्तेदार भाई का भोपाल से इंदौर आने-जाने के दौरान पीछा किया था। आरोप है कि इस दौरान सभी लोग लसूड़िया इलाके के एक होटल में रुके थे। लोकेशन और फोटो भेजने का आरोप शिकायत के मुताबिक, श्रद्धा अपने उत्तर प्रदेश पुलिस में पदस्थ परिचित अरुण द्विवेदी की मदद से कथित तौर पर लाइव लोकेशन हासिल कर रही थी। आरोप है कि अन्य लोग रिश्तेदार भाई के फोटो और वीडियो लेकर श्रद्धा को भेज रहे थे। बाद में युवती और अखिलेश वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिले। दोनों ने अपनी जान को खतरा होने की बात भी अधिकारियों को बताई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शनिवार देर रात FIR दर्ज कर ली। फिलहाल पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।