समाचार · हरियाणा
घरौंडा में नगर पालिका और फायर कर्मचारियों की हड़ताल:सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप, मांगें न मानने पर सरकार को चेतावनी दी
हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ ने अपनी हड़ताल को तीन दिन और बढ़ाते हुए 9, 10 और 11 अगस्त तक जारी रखने का ऐलान किया है। रविवार को अग्निशमन कार्यालय घरौंडा में नगर पालिका और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने सरकार पर अनदेखी और वादा खिलाफी के आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जाएगा। 13 मई के समझौते को लागू करने की मांग फायर ब्रिगेड घरौंडा के प्रधान विनोद, दिनेश कुमार, रमेश कुमार, अंकित राणा, बलविंद्र, ईश्वर, लोकिंद्र, विशाल, रिंकू, संजीव, राजेश और अन्य कर्मचारियों ने बताया कि 13 मई को हुए द्विपक्षीय समझौते में मानी गई सभी मांगों को बिना शर्त लागू करने की मांग की जा रही है। इसके लिए रोहतक जिले में भी हड़ताल की गई थी, लेकिन सरकार अभी तक मांगों को लागू करने से बच रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से समझौते के अनुसार पत्र जारी नहीं किए जा रहे, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। इसी के चलते संघ ने पहले 6, 7 और 8 अगस्त को हड़ताल की घोषणा की थी, जिसे अब बढ़ाकर 9, 10 और 11 अगस्त कर दिया गया है। सरकार के रवैये से नाराज कर्मचारी कर्मचारियों ने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया कर्मचारियों के प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार अपने फैसले पर अड़ी रही तो कर्मचारी भी हठधर्मिता पर उतर आएंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारियों की कोई स्थायी नौकरी नहीं है और ग्रुप-डी पदों पर एक भी सफाई कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की गई है। इसे कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया गया। संघ ने साफ कर दिया कि यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन में बदल दी जाएगी और प्रदेश के सभी नगर परिषद, नगरपालिका और निगमों में आंदोलन तेज किया जाएगा।