समाचार · मध्य प्रदेश
पेंशन का झांसा, अंगूठा लगवाकर जमीन हड़पने का आरोप:बुजुर्ग मां छोटे बेटे की शिकायत लेकर एसपी के पास पहुंची, छोटे बेटे ने बेची
देवास के सोनकच्छ के देहरी गांव की एक बुजुर्ग महिला ने अपने छोटे बेटे और दो अन्य लोगों पर 8 बीघा जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पेंशन शुरू कराने के नाम पर उनसे कई दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया गया। बाद में उनकी जमीन दूसरे लोगों के नाम कर दी गई। सोमवार को महिला अपने बड़े बेटे के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। देहरी गांव निवासी हंजूबाई परमार ने अपने छोटे बेटे दिनेश परमार और सोनकच्छ के दो अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने उप पुलिस अधीक्षक बबीता बामनिया को लिखित आवेदन दिया। इसमें मामले की जांच कर जमीन वापस दिलाने की मांग की गई है। पेंशन के नाम पर दस्तावेजों पर लगवाया अंगूठा हंजूबाई के अनुसार, उनके छोटे बेटे दिनेश और उसके साथियों ने उन्हें बताया कि पेंशन शुरू करानी है। इसके लिए उन्हें अलग-अलग कार्यालयों में ले जाया गया। वहां कई दस्तावेजों पर उनका अंगूठा लगवाया गया। हर बार उन्हें बताया गया कि यह पेंशन शुरू कराने की प्रक्रिया का हिस्सा है। महिला का आरोप है कि उन्हें दस्तावेजों में क्या लिखा है, इसकी जानकारी नहीं थी। बेटे ने जहां भी ले जाकर जिस दस्तावेज पर अंगूठा लगाने को कहा, उन्होंने पेंशन शुरू होने की उम्मीद में अंगूठा लगा दिया। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर भी उनका अंगूठा ले लिया गया और जमीन दूसरे लोगों के नाम कर दी गई। KCC लोन लेने पहुंचीं तो सामने आया मामला हंजूबाई के बड़े बेटे जगदीश परमार ने बताया कि जमीन उनकी मां और दोनों भाइयों के नाम पर थी। उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। करीब एक महीने बाद जब वे अपनी मां के साथ KCC लोन लेने पहुंचे, तब जमीन के रिकॉर्ड की जानकारी सामने आई। हंजूबाई का दावा है कि उनके नाम की करीब 8 बीघा जमीन दो हिस्सों में दूसरे लोगों के नाम हो चुकी थी। उनका आरोप है कि जमीन को उनके बेटे दिनेश और उसके साथ के लोगों ने कथित तौर पर अपने नाम करवा लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जमीन से जुड़े कुछ ऐसे फोटो दिखाए गए, जो वास्तविक जमीन से अलग थे। इस संबंध में सोनकच्छ थाने में भी आवेदन दिया गया है। SP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार मामला सामने आने के बाद हंजूबाई सोमवार को अपने बड़े बेटे के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने उप पुलिस अधीक्षक बबीता बामनिया को आवेदन देकर मामले की जांच और जमीन वापस दिलाने की मांग की। उप पुलिस अधीक्षक बबीता बामनिया ने बताया कि महिला और उनके परिवार के लोग आए थे। उनका लिखित आवेदन लिया गया है। आवेदन में आरोप है कि बेटे ने रजिस्ट्री करवा ली और महिला को इसकी जानकारी नहीं दी। इस संबंध में सोनकच्छ थाना प्रभारी को जानकारी दी गई है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।