Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

60 ग्राम सोना चुराने वाला कारीगर गिरफ्तार:7 महीने पहले रायपुर में आरोपी ने की थी वारदात, राजस्थान में छिपकर काट रहा था फरारी; तकनीकी जांच करके पुलिस ने पकड़ा

INT News10 August 2026 at 07:50 pm

रायपुर में सोने के आभूषण बनाने वाले कारीगर ने दुकान से 60 ग्राम कच्चा सोना चोरी कर लिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और राजस्थान में ठिकाना बदलकर रह रहा था। पुलिस ने करीब 7 महीने बाद उसे जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी का नाम राजू डोलाई बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र के नयापारा शंकर चौक का है। पुलिस के मुताबिक, नंदकिशोर सोनी की एलजी डाई कटिंग की दुकान है। यहां सोने के आभूषण बनाने के लिए राजू डोलाई कारीगर के तौर पर काम करता था। 11 जनवरी 2026 को नंदकिशोर ने राजू को आभूषण बनाने के लिए 60 ग्राम कच्चा सोना दिया था। इसकी कीमत करीब 7.80 लाख रुपए थी। राजू ने सोना दुकान की कारीगर आलमारी में रख दिया था। इसके बाद राजू अचानक काम पर आना बंद हो गया। उसके निवास पर भी पता करने पर वह नहीं मिला। 15 जनवरी को दुकान की आलमारी चेक की गई तो उसमें रखा 60 ग्राम सोना गायब था। इसके बाद नंदकिशोर ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। तकनीकी जांच से जोधपुर में मिला लोकेशन लंबित संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी से दोबारा पूछताछ करने के साथ तकनीकी जानकारी और दस्तावेजों का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी की लोकेशन राजस्थान के जोधपुर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और स्थानीय स्तर पर निगरानी रखते हुए आरोपी राजू डोलाई को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया। अब बाकी 20 ग्राम सोने और वारदात में किसी अन्य की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है।