Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 50 साल की हथिनी की मौत:नर्मदापुर में महावत ने जताई लड़ाई की संभावना, वेटरिनियन नहीं थे मौजूद

INT News10 August 2026 at 07:54 pm

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के चूरना में पहली बार हाथियों के बीच लड़ाई का मामला सामने आया है। इस लड़ाई में घायल हथिनी स्मिता की सोमवार शाम मौत हो गई। वन्यजीव चिकित्सक उस समय मौजूद नहीं थे। उपचार से पहले ही शाम करीब 5 बजे हथिनी ने दम तोड़ दिया। हथिनी की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। डिप्टी डायरेक्टर ऋषिभा नेताम, एसडीओ और रेंजर मौके के लिए रवाना हुए। स्मिता की लड़ाई हाथी कृष्णा से हुई थी। कृष्णा करीब चार साल पहले कर्नाटक से चूरना लाया गया था। 9 अगस्त की रात हुई थी लड़ाई सूत्रों के अनुसार, 9 अगस्त की रात हाथी कृष्णा ने हथिनी स्मिता पर हमला किया था। सोमवार सुबह जब महावत जंगल से हाथियों को वापस लेकर आए, तब स्मिता के शरीर पर गहरा घाव दिखाई दिया। इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। हथिनी की हालत को देखते हुए वन्यप्राणी चिकित्सक (वेटरिनियन) को सूचना दी गई। हालांकि, चिकित्सक शासकीय कार्य से बाहर थे। उनके पहुंचने से पहले ही सोमवार शाम करीब 5 बजे हथिनी स्मिता की मौत हो गई। अधिकारियों से नहीं हो सका संपर्क मामले में जानकारी लेने के लिए डिप्टी डायरेक्टर ऋषिभा नेताम और रेंजर बलवंत सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।