समाचार · मध्य प्रदेश
श्मशान-घाट तक पुल नहीं,कंधों पर शव लेकर नदी पार की:राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का क्षेत्र, सीहोर में पूर्व विधायक बोले-जमीनी हकीकत सबके सामने आई
सीहोर के कचनारिया गांव में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए उफनती नदी पार करनी पड़ी। कंधों पर शव लेकर नदी में उतरे। तेज बहाव के बीच नदी पार कर श्मशान घाट पहुंचे। गांव से श्मशान घाट तक जाने के लिए पुल नहीं है। गावं वालों का कहना है कि श्मशान घाट नदी के दूसरी तरफ है। वहां पहुंचने के लिए ग्रामीणों के पास दूसरा रास्ता नहीं है। वहां जाने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। कचनारिया गांव इछावर विधानसभा क्षेत्र में आता है। यह राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का गृह विधानसभा क्षेत्र है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान विकास के वादे किए जाते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार विकास की बातें बड़ी-बड़ी करती है। जमीनी हकीकत सबके सामने है। विकास कार्य होते ही नहीं है। प्रशासन से पुल बनाने की मांग ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। बहाव तेज हो जाता है। इससे श्मशान घाट तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण लंबे समय से पुल और पहुंच मार्ग बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बारिश में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। अंतिम संस्कार के लिए भी जोखिम उठाना पड़ता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल निर्माण की मांग की है। उन्होंने श्मशान घाट तक पक्के रास्ते की मांग भी दोहराई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।