समाचार · छत्तीसगढ़
बीएसपी में नौकरी के नाम पर ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार:लोको पायलट बनवाने का झांसा देकर युवक ने लिए 5.30 लाख, 10 से ज्यादा लोगों से ठगी की आशंका
भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में लोको पायलट की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 5.30 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर प्रार्थी समेत करीब 10 से 15 लोगों को अपने जाल में फंसाया था। प्रार्थी से नौकरी लगवाने के नाम पर 5 लाख 30 हजार रुपए लेने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, तालपुरी भिलाई नगर निवासी दीपक कुमार देवदास (39) ने 8 अगस्त को थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि शंकर नगर, ग्राम डुण्डेरा निवासी चन्द्रप्रकाश साहू (26) ने उसे बीएसपी में लोको पायलट की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने खुद को नौकरी लगवाने में सक्षम बताया और दीपक समेत कई अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने की बात कही। अलग-अलग समय में दिए 5 लाख से ज्यादा रुपए
नौकरी के भरोसे में आकर दीपक ने आरोपी को अलग-अलग समय में कुल 5 लाख 30 हजार रुपए दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने नौकरी लगने का भरोसा बनाए रखा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। इसके बाद दीपक ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि आरोपी रकम लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल करता रहा। कई लोगों को बनाया शिकार
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने उतई थाने में अपराध दर्ज आरोपी चंद्रप्रकाश साहू को 9 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को बीएसपी में लोको पायलट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने भरोसे में लेता था। नौकरी लगने की उम्मीद में लोग उसे रकम दे देते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितने लोगों से रकम ली है और इस मामले में कुल कितनी रकम की ठगी की गई है। लेन-देन की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते और मोबाइल फोन को जब्त किया है। इनकी जांच की जा रही है। जांच के दौरान लेन-देन और दूसरे लोगों से संपर्क से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी को कानूनी कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया गया।