समाचार · पंजाब
लुधियाना में गर्ग एक्रेलिक फैक्टी में महिला की मौत:सफाई के दौरान मशीन में फंसी चुन्नी, 50 वर्षीय महिला की मौत; परिजनों का फैक्ट्री के बाहर धरना
लुधियाना के जुगियाना इलाके में कंगनवाल रोड स्थित गर्ग एक्रेलिक में यहां सुबह ड्यूटी पर गई एक 50 वर्षीय महिला कर्मचारी की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान संजू देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला जब सफाई कर रही थी तभी अचानक उसकी चुन्नी मशीन के चलते हुए हिस्से में फंस गई। चुन्नी फंसने के कारण महिला का गाला दब गया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों का फूटा गुस्सा, फैक्ट्री के बाहर लगाया धरना संजू देवी की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची घटना से परिजन तुरंत फैक्ट्री पहुंचे और प्रबंधन पर सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए गर्ग एक्रेलिक के बाहर धरना लगा दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। धरने के कारण फैक्ट्री के बाहर तनाव का माहौल बन गया है। वहीं दूसरी तरफ इस हादसे के संबंध में गर्ग एक्रेलिक के मालिक संजीव गर्ग से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कहा, मैं अभी बाहर हूं और मुझे इस हादसे के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। मैं अभी स्टाफ से पता करवा कर आपको बताता हूं। प्रबंधन के इस रवैये से धरने पर बैठे परिजनों में भारी रोष है। परिवार का कहना है कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, वे फैक्ट्री के बाहर से अपना धरना खत्म नहीं करेंगे।