समाचार · मध्य प्रदेश
हाई कोर्ट में 23 नवंबर की प्रस्तावित हड़ताल स्थगित:दो अतिरिक्त जज अस्थायी रूप से करेंगे काम; नई नियुक्तियों में इंदौर को मिलेंगे 4 जज
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में न्यायमूर्तियों की कमी को लेकर 23 नवंबर को प्रस्तावित वकीलों की हड़ताल स्थगित कर दी गई है। उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ, इंदौर के अध्यक्ष मनीष यादव ने इसकी घोषणा की है। प्रशासनिक न्यायमूर्ति जस्टिस सुबोध अभ्यंकर के साथ हुई चर्चा और उनके आश्वासन के बाद संघ ने यह निर्णय लिया। अभिभाषक संघ की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, इंदौर खंडपीठ में नवीन न्यायमूर्तियों की नियुक्ति होने तक अस्थायी व्यवस्था के तहत दो अतिरिक्त न्यायमूर्ति न्यायिक कार्य करेंगे। इससे फिलहाल न्यायिक कार्यों के संचालन में राहत मिलने की उम्मीद है। नई नियुक्तियों में इंदौर को प्राथमिकता देने का आश्वासन संघ के अनुसार, प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने नए न्यायमूर्तियों केपदोन्नति/नियुक्ति प्रक्रिया के बाद इंदौर खंडपीठ को प्राथमिकता देने और यहां कम से कम चार नए न्यायमूर्तियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। इस सकारात्मक पहल को देखते हुए अभिभाषक संघ ने अधिवक्ताओं और पक्षकारों के हित में प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया है। 23 नवंबर को सामान्य रूप से चलेगा न्यायिक कामकाज संघ अध्यक्ष मनीष यादव ने सभी अधिवक्ताओं से 23 नवंबर को नियमित रूप से न्यायालयीन कार्य करने की अपील की है। उन्होंने इस निर्णय में सहयोग और एकजुटता बनाए रखने के लिए अधिवक्ताओं का आभार भी जताया है।