national · महाराष्ट्र
Cyclone Akvan: महाराष्ट्र में चक्रवात का क्या होगा असर? विदर्भ में बारिश का अलर्ट, मुंबई-कोंकण में कैसा रहेगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवात अकवान महाराष्ट्र के मौसम को भी प्रभाविकब पहुंचेगात कर सकता है. हालांकि, फिलहाल इसके महाराष्ट्र के तट से टकराने या मुंबई समेत कोंकण के तटीय इलाकों में सीधे असर का कोई संकेत नहीं है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के विदर्भ क्षेत्र में 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. 21 नवंबर को यहां कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
विदर्भ में 19 नवंबर से बदल सकता है मौसम
IMD के पूर्वानुमान अनुसार, विदर्भ में 19 से 21 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है.
इस दौरान मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 20 से 22 नवंबर और छत्तीसगढ़ में 18 से 22 नवंबर तक बारिश का अनुमान है. ऐसे में महाराष्ट्र के विदर्भ और आसपास के मध्य भारतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
मुंबई और कोंकण में कैसा रहेगा मौसम?
मुंबई और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों के लिए फिलहाल राहत की खबर है. IMD के मुंबई तटीय मौसम बुलेटिन में उत्तर महाराष्ट्र तथा दक्षिण महाराष्ट्र-गोवा तट पर मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है. समुद्र की स्थिति सामान्य से हल्की और दृश्यता अच्छी रहने की बात कही गई है. सभी बंदरगाहों पर कोई चेतावनी या तूफानी ज्वार की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
इसका मतलब है कि फिलहाल मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जैसे तटीय इलाकों में चक्रवात के सीधे प्रभाव का कोई स्पष्ट संकेत नहीं है. हालांकि, मौसम की स्थिति पर अगले IMD अपडेट में नजर रखना जरूरी होगा.
आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है चक्रवात अकवान
IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है. इसके बाद यह और ताकतवर होकर 19 नवंबर की रात तक आंध्र प्रदेश तट के करीब पहुंच सकता है.
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, यह सिस्टम 20 नवंबर की दोपहर तक नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यानम तट को पार कर सकता है. उस समय हवा की अधिकतम रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
इससे आंध्र प्रदेश, ओडिशा और दक्षिण भारत के कुछ अन्य हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा है. फिलहाल IMD ने चक्रवात के लिए प्री-साइक्लोन वॉच आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के लिए जारी की है.
ये भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान की ओर बढ़ा बंगाल की खाड़ी का सिस्टम, झारखंड सहित इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
महाराष्ट्र में कितना पड़ेगा असर?
मौजूदा पूर्वानुमान के आधार पर महाराष्ट्र में चक्रवात अकवान का असर मुख्य रूप से विदर्भ में बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है. मुंबई और कोंकण के लिए फिलहाल कोई तटीय तूफान चेतावनी जारी नहीं हुई है. इसलिए राज्य में चक्रवात के सीधे पहुंचने की बात कहना अभी सही नहीं होगा.
हालांकि, चक्रवात की दिशा और तीव्रता में बदलाव होने पर बारिश के पूर्वानुमान में भी बदलाव हो सकता है. ऐसे में महाराष्ट्र के लोगों को IMD की ताजा मौसम चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए.