Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

साढ़े तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए CM योगी की सौगात, सैलरी बढ़ने के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं, जानें नए फायदे

INT News2 September 2026 at 01:49 pm

UP Outsource Employees: उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स के जरिए विभिन्न सरकारी विभागों में काम कर रहे करीब साढ़े तीन लाख कर्मचारियों के लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPKOS) की वेबसाइट, पोर्टल और लोगो लॉन्च किया. इसी के साथ आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी में 7 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. कर्मचारियों को 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर समेत अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी.

सीएम योगी ने लॉन्च किया यूपीकोस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण किया. इस दौरान निगम की वेबसाइट और पोर्टल भी लॉन्च किया गया. कार्यक्रम में आउटसोर्स कर्मचारियों को चेक भी वितरित किए गए.

50 लाख तक बीमा, दवा और एयर एंबुलेंस की सुविधा

नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जाएगा. इसके अलावा आकस्मिक दवा के लिए 5 लाख रुपये और एयर एंबुलेंस के लिए 10 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया है. इन सुविधाओं का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराना है.

भर्ती से भुगतान तक एक जगह मिलेगा रिकॉर्ड

UPKOS   पोर्टल के जरिए प्रदेश के विभिन्न विभागों में काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों का एकीकृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा. अभी कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी अलग-अलग विभागों और आउटसोर्स एजेंसियों के स्तर पर रखी जाती है. नई व्यवस्था में इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा. पोर्टल पर कर्मचारी की भर्ती, तैनाती, उपस्थिति और भुगतान से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी.

तैनाती और भुगतान की निगरानी होगी आसान

ऑनलाइन व्यवस्था से यह पता लगाना आसान होगा कि किस विभाग में कितने आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं और उन्हें कितना भुगतान किया जा रहा है. कर्मचारियों की सेवा से जुड़ा रिकॉर्ड भी डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा. इससे भुगतान और तैनाती की प्रक्रिया पर निगरानी आसान होगी तथा रिकॉर्ड या भुगतान से जुड़ी जानकारी एक ही जगह से देखी जा सकेगी. साथ ही अलग-अलग एजेंसियों के जरिए होने वाली प्रक्रिया में गड़बड़ी की गुंजाइश कम करने में मदद मिलेगी.

Must Read: कान्हा के जन्मोत्सव पर मथुरा पहुंचेंगे CM योगी, बांके बिहारी से कृष्ण जन्मभूमि तक क्या है पूरा प्लान? देखें शेड्यूल