Friday, 23 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दीपावली से पहले 2% महंगाई-भत्ता एरियर सहित देने की मांग:फेडरेशन ने सीएम और वित्त मंत्री को लिखा पत्र, मंत्रालय घेराव की चेतावनी

INT News23 October 2026 at 12:43 pm

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को दीपावली से पहले 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) एरियर सहित देने की मांग की है। फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र भेजकर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया है। फेडरेशन के अनुसार, प्रदेश के कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जो केंद्र सरकार की दर से 2 प्रतिशत कम है। फेडरेशन ने पत्र में कहा है कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित देने का वादा किया था। कमल वर्मा ने कहा कि महंगाई बढ़ने से कर्मचारियों और पेंशनरों को परिवार की जरूरतें पूरी करने में आर्थिक परेशानी हो रही है। ऐसे में लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान एरियर सहित किया जाना चाहिए। 6 सितंबर की बैठक में लिया था निर्णय कमल वर्मा के अनुसार, फेडरेशन की 6 सितंबर को हुई प्रांतीय बैठक में दीपावली से पहले महंगाई भत्ते का एरियर जारी करने की मांग को लेकर शासन को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया था। संगठन ने शासन से घोषणा पत्र के अनुरूप लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर सहित स्वीकृत करने की मांग की है। निर्णय नहीं हुआ तो मंत्रालय घेरेंगे फेडरेशन ने राज्य सरकार से दीपावली से पहले महंगाई भत्ते का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शासन की ओर से जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो मंत्रालय का घेराव किया जाएगा।