Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

गोंडा में 15 अगस्त पर गैर मुस्लिम छात्राओं से बुर्के मे कराया डांस, बवाल के बाद स्कूल प्रबंधक बोले- माफी मांगने को तैयार

INT News17 August 2026 at 11:44 am

UP News : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक निजी स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया. वीडियो में कुछ छात्राएं बुर्का पहनकर डांस करती नजर आ रही हैं. मामला बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधक रामकृष्ण मौर्या ने वीडियो संदेश जारी कर सफाई दी और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी.

नॉलेज बीम अकादमी में हुआ था सांस्कृतिक कार्यक्रम

पूरा मामला खोंडारे थाना क्षेत्र के औसानी बुजुर्ग स्थित नॉलेज बीम अकादमी का बताया जा रहा है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अलग-अलग गानों पर प्रस्तुतियां दीं. इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें छात्राएं बुर्का पहनकर डांस करती दिखाई दे रही हैं. वीडियो वायरल होने के बाद इसको लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं और विवाद बढ़ गया.

वीडियो वायरल होते ही स्कूल प्रबंधन ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद स्कूल के प्रबंधक रामकृष्ण मौर्या ने वीडियो संदेश जारी किया. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन था और किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था. प्रबंधक ने कहा कि यदि इस कार्यक्रम से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी.

'डांस करने वाली सभी छात्राएं हिंदू थीं'

स्कूल प्रबंधक रामकृष्ण मौर्या ने अपने वीडियो बयान में दावा किया कि बुर्का पहनकर डांस करने वाली सभी छात्राएं हिंदू थीं और कार्यक्रम में कोई मुस्लिम छात्रा शामिल नहीं थी. उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी धर्म या समुदाय का मजाक उड़ाना नहीं था. अगर इस कार्यक्रम से किसी मुस्लिम भाई या किसी अन्य समुदाय को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए बार-बार, यहां तक कि करोड़ों बार माफी मांगने के लिए तैयार हैं.

सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया. वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. वहीं, स्कूल प्रबंधन ने पूरे मामले में अपनी मंशा स्पष्ट करते हुए इसे केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजन का हिस्सा बताया है.

Also Read : BJP विधायक ने DSP को दी वर्दी उतरवाने को धमकी,काफिला रोकने पर शुरू हुआ विवाद