समाचार · मध्य प्रदेश
महाकाल लोक में श्रद्धालुओं और महिला सुरक्षाकर्मी में मारपीट:दोनों पक्षों में गाली-गलौज; सप्त ऋषि मूर्ति के पास की घटना
उज्जैन के महाकाल लोक में एक बार फिर श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया में सामने आया। वीडियो में महाकाल लोक की सप्त ऋषि की मूर्तियों के पास एक महिला सुरक्षाकर्मी और कुछ महिला श्रद्धालुओं के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज भी हुई। महिला गार्ड से विवाद के बाद जुटीं श्रद्धालु वायरल वीडियो में महिला सुरक्षाकर्मी कुछ महिला श्रद्धालुओं से बहस करती नजर आ रही है। देखते ही देखते वहां अन्य महिला श्रद्धालु भी पहुंच जाती हैं और सुरक्षाकर्मी को घेर लेती हैं। इसी दौरान एक अन्य सुरक्षाकर्मी भी विवाद में शामिल हो जाता है। इसके बाद स्थिति बिगड़ जाती है और महिला श्रद्धालु महिला सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट करती दिखाई देती हैं। घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया गया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विवाद का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। विवाद किस बात पर स्पष्ट नहीं घटना का वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल लोक में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। महाकाल लोक में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाओं से मंदिर और शहर की छवि पर भी असर पड़ता है। फिलहाल मंदिर प्रशासन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी। यह खबर भी पढ़ें महाकाल मंदिर में कांवड़िए दानपेटियों पर चढ़े, VIDEO: बैरिकेडिंग तोड़कर नंदी हॉल में घुसे, 4 सुरक्षाकर्मी घायल उज्जैन के महाकाल मंदिर में बुधवार को ओंकारेश्वर से आए कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया। नंदी हॉल में प्रवेश की मांग कर रहे कांवड़ियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की। रोकने के दौरान मंदिर के 4 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर…