समाचार · मध्य प्रदेश
निवाड़ी- 7 महीने से वेतन नहीं मिला, कलमबंद हड़ताल शुरू:खाद्य विभाग के कर्मचारियों ने कामकाज किया ठप, बोले आर्थिक हालत बिगड़ी
निवाड़ी के जिला खाद्य कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। उन्हें पिछले सात महीने से वेतन नहीं मिला है। दीपावली से पहले वेतन न मिलने से कर्मचारी परेशान हैं। कर्मचारियों ने कार्यालय समय में मौजूद रहकर सरकारी कामों का बहिष्कार किया। उनका कहना है कि बार-बार वरिष्ठ अधिकारियों को बताने के बावजूद वेतन भुगतान नहीं किया गया है। वेतन न मिलने से दिक्कतें बढ़ी कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। घर-परिवार के खर्च और बच्चों की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। नियमित काम करने के बाद भी वेतन नहीं मिल रहा है। दीपावली जैसे त्योहार पर खरीदारी और अन्य खर्चों के लिए पैसों की जरूरत होती है। सात महीने से वेतन न मिलने के कारण उनकी दिक्कतें और बढ़ गई हैं। खाद्य विभाग के कर्मचारी शुभम गिरी ने बताया कि वेतन न मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।