Sunday, 30 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

झज्जर में मेजर ध्यानचंद की याद में साइकिल यात्रा:राष्ट्रीय खेल दिवस पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि रहे मुख्य अतिथि, बड़ी संख्या में खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों ने लिया हिस्सा

INT News30 August 2026 at 09:54 am

झज्जर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में शहर स्थित खेल स्टेडियम से साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। साइकिल यात्रा में जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र, विभिन्न खेल प्रशिक्षकों और बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने साइकिल यात्रा के जरिए दिया फिटनेस का संदेश साइकिल यात्रा के दौरान खिलाड़ियों ने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। यात्रा में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक रूप से फिट और स्वस्थ रहने के लिए जागरूक करना रहा। मेजर ध्यानचंद का जीवन हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणास्रोत : विकास वाल्मीकि मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने कहा कि मेजर ध्यानचंद केवल देश के महान हॉकी खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनका खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और देश के लिए खेलने का जज्बा आज भी हर खिलाड़ी को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह दिन हमें खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निर्माण होता है और युवाओं को नशे व अन्य बुराइयों से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को खेलों से जोड़ने की जरूरत विकास वाल्मीकि ने कहा कि सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध करवाना जरूरी है, ताकि वे जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी मेहनत व समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र, विभिन्न खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेलों को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।