समाचार · मध्य प्रदेश
बारिश में प्लेटफॉर्म पर फिसला RPF कांस्टेबल का पैर:हरदा में ट्रेन की चपेट में आने से मौत; गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई
हरदा रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम ड्यूटी के दौरान आरपीएफ कांस्टेबल लोकेश कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक ड्यूटी पर तैनात थे। बताया गया कि सुबह से हो रही बारिश के कारण लोकेश ने प्लास्टिक के जूते पहने थे। प्लेटफॉर्म पर जमी काई की वजह से उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन नंबर 20103 एलटीटी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई और शरीर दो हिस्सों में बंट गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मर्ग कायम किया गया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई अंतिम विदाई
स्टेशन के बाहर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों ने कांस्टेबल लोकेश कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मृतक का शव गोवा एक्सप्रेस से उनके पैतृक गांव भरतपुर, राजस्थान रवाना किया गया, जहां मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। लोकेश कुमार के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वह एक वर्ष से हरदा में पदस्थ थे। आमतौर पर वह चमड़े के जूते पहनते थे, लेकिन बारिश के कारण रविवार को प्लास्टिक के जूते पहने थे, जिससे यह दुखद हादसा हुआ। घटना के बाद रेलवे स्टाफ में शोक का माहौल है।