Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पलवल में बारिश से प्राचीन कचहरी भवन का हिस्सा गिरा:1785 में महाराजा सूरजमल ने कराया था निर्माण, पुरातत्व विभाग करता है देखरेख

INT News8 August 2026 at 12:49 pm

पलवल जिले में होडल की अंधुआ पट्टी में स्थित प्राचीन कचहरी भवन का एक हिस्सा बारिश के कारण ढह गया है। इस घटना से आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है और वे किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं। स्थानीय निवासी रमेशचंद और अजीत सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि, इतिहास के अनुसार, इस भवन का निर्माण लगभग करीब 240 वर्ष पूर्व भरतपुर के महाराजा सूरजमल ने 1785 में कराया था। यह भवन पुरातत्व विभाग के अधीन आता है। पुरातत्व विभाग ने नहीं कराई मरम्मत स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने भवन की जर्जर हालत के बारे में कई बार पुरातत्व विभाग को शिकायत की है, लेकिन विभाग ने आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई है। भवन के आसपास कई मकान बने हुए हैं, जिससे पुराने भवन के कारण हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। बारिश के कारण भवन का हिस्सा गिरने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि जिस समय यह हिस्सा गिरा, बच्चे बारिश के कारण घरों के अंदर थे, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने मांग की है कि भवन के अत्यधिक जर्जर हिस्से को हटाया जाए ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके। पुरातत्व विभाग द्वारा इस कचहरी पर एक नोटिस भी लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मौके पर आकर निरीक्षण करने और भवन को दुरुस्त कराने की अपील की है, ताकि आगे कोई दुर्घटना न हो।