समाचार · मध्य प्रदेश
उमरिया सीएम हेल्पलाइन 'सी' श्रेणी में:16 विभाग 'डी' कैटेगरी में, कलेक्टर ने दिए सुधार के निर्देश
उमरिया जिले की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित सुधार न होने के कारण जिले की ग्रेडिंग 'सी' श्रेणी में आ गई है। कलेक्टर राखी सहाय ने विभाग प्रमुखों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और जिले की ग्रेडिंग सुधारने के सख्त निर्देश दिए हैं। शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 44 विभागों की समीक्षा की गई, जिसमें 16 विभाग 'डी' कैटेगरी और 7 विभाग 'सी' कैटेगरी में पाए गए। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के समय पर और संतोषजनक निराकरण को लेकर विभाग प्रमुखों को पहले भी निर्देश दिए गए थे। कई विभागों में शिकायतों के लंबित रहने और निराकरण की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिक रूप से बंद करने के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों से लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने, अधिकारियों द्वारा शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन में जिले की ग्रेडिंग सुधारने के लिए सभी विभागों को गंभीरता से काम करना होगा। विभागों के प्रदर्शन की आगे भी समीक्षा की जाएगी। 'डी' कैटेगरी के विभाग राजस्व विभाग, भू-अर्जन, कलेक्ट्रेट शाखा, मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन, जनजातीय कार्य विभाग, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, श्रम विभाग, सामाजिक न्याय एवं निशक्त कल्याण विभाग, कृषि विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, समग्र आईडी गैर तकनीकी समस्या (शहरी), समग्र आईडी गैर तकनीकी समस्या (ग्रामीण) और जल संसाधन विभाग। 'सी' कैटेगरी में शामिल विभाग सामान्य प्रशासन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगर पालिका/नगर परिषद/अन्य नगर निकाय और वन विभाग।