Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शाजापुर से श्री शिवाय कांवड़ यात्रा उज्जैन रवाना:शिवभक्त 10 अगस्त को महाकाल का करेंगे जलाभिषेक

INT News8 August 2026 at 01:47 pm

सावन माह में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी के साथ कांवड़ यात्राएं भी शुरू हो गई हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे शाजापुर जिला मुख्यालय से श्री शिवाय कांवड़ यात्रा उज्जैन के लिए रवाना हुई। इसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। श्री शिवाय कांवड़ यात्रा के संस्थापक जतिन सोनी ने बताया कि यह यात्रा का तीसरा वर्ष है। इसकी शुरुआत उज्जैन के मंगलनाथ मंदिर में भगवान महादेव का जलाभिषेक करने के साथ हुई। यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश और देश में शांति एवं सद्भाव की कामना करना है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। कई भक्त डमरू बजाते और ढोल की थाप पर नृत्य करते दिखे। यात्रा में डीजे और घोड़ी भी आकर्षण का केंद्र रहे। शहर और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मंच लगाकर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। आयोजकों के अनुसार, कांवड़ यात्रा उज्जैन पहुंचेगी। 9 अगस्त की शाम भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके बाद 10 अगस्त, सोमवार को कांवड़ यात्री पवित्र जल लेकर महाकाल मंदिर पहुंचेंगे और बाबा महाकाल का जलाभिषेक करेंगे।