समाचार · हरियाणा
पलवल के ढाबा कर्मचारी मर्डर केस में दूसरा आरोपी गिरफ्तार:नशे में होने पर खाना देने से मना किया; स्कॉर्पियों से कुचला था
पलवल पुलिस ने ढाबा कर्मचारी की हत्या के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बंचारी गांव निवासी गौरव के रूप में हुई है, जिसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सोहना रोड निवासी विपिन दयाल उर्फ राजा ने शिकायत दर्ज कराई थी। विपिन रसूलपुर चौक पर रॉयल नाम से ढाबा चलाता है। शिकायत के अनुसार, 18 जून की रात जब विपिन अपना ढाबा बंद कर रहा था, तभी भमरोला जोगी निवासी पालेंद्र उर्फ पाले और उसका साथी गौरव एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में वहां पहुंचे। दोनों शराब के नशे में थे और ढाबा बंद होने के बावजूद जबरन खाना मांगने लगे। कर्मचारी को स्कॉर्पियो से कुचला, इलाज के दौरान मौत ढाबा संचालक ने खाना देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने ढाबा संचालक विपिन और उसके कर्मचारी, बिहार निवासी रंजीत के साथ लात-घूसों से बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद, आरोपी पालेंद्र उर्फ पाले ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी को घायल रंजीत के ऊपर दो बार आगे-पीछे करके चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल रंजीत की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मुख्य आरोपी पहले गिरफ्तार, अब दूसरा पकड़ा पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने सात जुलाई को मुख्य आरोपी पालेंद्र उर्फ पाले को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गौरव तब से फरार चल रहा था। शहर थाना पुलिस ने अब फरार चल रहे आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।