Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा में NSUI की प्रेस कॉन्फ्रेंस:प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग, 12 अगस्त से शुरू होगा ‘कैंपस की ओर चलो’ अभियान

INT News8 August 2026 at 01:56 pm

छिंदवाड़ा: शहर के राजीव भवन में NSUI ने छात्र संघ चुनाव को लेकर पत्रकार वार्ता की। संगठन ने आगामी छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की है। NSUI पदाधिकारियों का कहना है कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सह-सचिव समेत प्रमुख पदों पर छात्रों को सीधे मतदान के जरिए अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। NSUI ने कहा कि छात्र संघ चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। संगठन ने सरकार और विश्वविद्यालय स्तर पर प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली लागू करने की मांग उठाई है। 12 अगस्त से कॉलेजों में पहुंचेगा NSUI NSUI की ओर से 12 अगस्त से ‘कैंपस की ओर चलो’ अभियान शुरू करने की घोषणा की गई। अभियान के तहत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विभिन्न कॉलेजों में जाकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान छात्रों की शैक्षणिक, कॉलेज परिसर और अन्य समस्याओं की जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही छात्र संघ चुनाव के महत्व और प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली को लेकर छात्रों को जागरूक किया जाएगा। जिला अध्यक्ष बोलीं- युवा पढ़ा-लिखा है, बिकाऊ नहीं पत्रकार वार्ता में NSUI जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज का युवा पढ़ा-लिखा और जागरूक है। उन्होंने कहा कि युवा अपना भला-बुरा समझता है और उसे खरीदा नहीं जा सकता। सूर्यवंशी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया छिंदवाड़ा दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को अब युवाओं की ताकत समझ में आने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के बढ़ते दबाव के कारण सरकार को छात्र संगठनों की मांगों पर ध्यान देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि NSUI छात्रों की आवाज को कॉलेजों से लेकर सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी और छात्र संघ चुनाव में प्रत्यक्ष मतदान की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान NSUI जिला प्रवक्ता नितिन उपाध्याय समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।