Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

लोहारू में कांवड़ यात्रियों के लिए निशुल्क शिविर शुरू:एसडीएम मनोज दलाल ने किया उद्घाटन, 2 दिन मिलेंगी चिकित्सा और भोजन सुविधा

INT News10 August 2026 at 03:57 pm

शिवरात्रि पर्व के अवसर पर लोहारू में भिवानी रोड पर कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए 2 दिवसीय निशुल्क सेवा शिविर शुरू किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र भारद्वाज की ओर से लगाए गए इस शिविर का शुभारंभ लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल ने भगवान शिव की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और स्थानीय लोग शामिल हुए। श्रद्धालुओं के लिए चाय, फल, मिठाई, जलपान और भोजन सहित अन्य जरूरी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। लंबी पैदल यात्रा से थके यात्रियों के आराम के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। निशुल्क चिकित्सा सुविधा भी दी जा रही शिविर में यशु मेडिकल के संचालक रिंकू जांगिड़ की ओर से निशुल्क चिकित्सा सुविधा भी दी जा रही है। जरूरत के अनुसार यात्रियों को दवाइयां देने के साथ चोट और पैरों में पड़े छालों पर पट्टी करने की सुविधा उपलब्ध है। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए निशुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। कांवड़ यात्रियों ने शिविर में मिल रही सुविधाओं की सराहना करते हुए आयोजकों और सहयोगियों का आभार जताया। सेवा को बताया पुण्य और मानवता का कार्य एसडीएम मनोज दलाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था, अनुशासन और सेवा की भावना से जुड़ी धार्मिक यात्रा है। हजारों श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर भगवान शिव के धाम तक पहुंचते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रियों की सेवा करना पुण्य के साथ मानवता का कार्य भी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा शिविर यात्रियों को राहत देने के साथ समाज में सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों की व्यवस्थाओं की सराहना की और बताया कि प्रशासन की ओर से भी कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जरूरी सहयोग दिया जा रहा है। भोजन-पानी और चिकित्सा सहायता उपलब्ध आयोजक जितेंद्र भारद्वाज ने बताया कि शिवरात्रि को देखते हुए 2 दिवसीय शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालु करीब 400 किलोमीटर तक की पैदल यात्रा कर लोहारू पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु करीब 13 दिन की यात्रा पूरी कर यहां पहुंच रहे हैं। इसलिए उनकी थकान दूर करने, भोजन-पानी और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं निशुल्क की गई हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और क्षेत्र के लोगों से भी कांवड़ यात्रियों की सेवा व सुरक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया। श्रद्धालु बोले-ऐसे शिविर काफी राहत देते हैं श्रद्धालुओं ने कहा कि लंबी पैदल यात्रा के दौरान ऐसे शिविर काफी राहत देते हैं। खासकर भोजन, चिकित्सा, दवाइयां, पट्टी और एंबुलेंस की सुविधा उनके लिए उपयोगी है। शिविर के शुभारंभ अवसर पर रोहताश वर्मा, महेंद्र शर्मा, महेश गोपालवासिया, पार्षद अजय शर्मा, अभिमन्यु, दीपक, विजय सहित अनेक श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर कांवड़ यात्रियों की सेवा का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार शिविर के दौरान यात्रियों को भोजन, पेयजल, फल, चाय, मिठाई, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।