Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बोधगया में 2 दिसंबर से शुरू होगा 21वां इंटरनेशनल त्रिपिटक चांटिंग समारोह, CM होंगे मुख्य अतिथि

INT News18 November 2026 at 10:07 pm

Bodh Gaya Tripitaka Chanting Ceremony : विश्व शांति की कामना के साथ विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में आगामी 2 दिसंबर से 21वें इंटरनेशनल त्रिपिटक चांटिंग समारोह का आयोजन होगा. 10 दिनों तक चलने वाले इस समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.

आयोजन समिति के अनुसार, समारोह में 21 देशों के बौद्ध श्रद्धालु, भिक्षु और भिक्षुणियां शामिल होंगे. लाइफ ऑफ बुद्धा धर्मा फाउंडेशन इंटरनेशनल के तत्वावधान में इंटरनेशनल त्रिपिटक चांटिंग काउंसिल ऑफ इंडिया के सहयोग से इसका आयोजन किया जा रहा है. समारोह की शुरुआत अभिधम्म पिटक के प्रथम पाठ से होगी.

21 देशों के बौद्ध श्रद्धालु होंगे शामिल

आयोजकों के मुताबिक, समारोह में करीब 20 हजार भारतीय भिक्षु और भिक्षुणियों के साथ पांच अंतरराष्ट्रीय भिक्षु-भिक्षुणियों के शामिल होने की बात कही गयी है. इसमें थाईलैंड, म्यांमार, श्रीलंका, कंबोडिया, लाओस, वियतनाम, इंडोनेशिया, नेपाल, बांग्लादेश, अमेरिका सहित अन्य देशों के बौद्ध भिक्षु, भिक्षुणी और श्रद्धालु हिस्सा लेंगे.

शोभायात्रा से होगा समारोह का आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत 2 दिसंबर की सुबह आठ बजे विभिन्न देशों के बौद्ध श्रद्धालुओं और भिक्षुओं की शोभायात्रा से होगी. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे बोधिवृक्ष की छांव में त्रिपिटक चांटिंग समारोह का विधिवत उद्घाटन किया जायेगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है.

समारोह के बाद तीन दिवसीय पदयात्रा

10 दिवसीय समारोह के समापन के बाद 13, 14 और 15 दिसंबर को तीन दिवसीय पदयात्रा का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु जेठियन घाटी, गुरुपदगिरि पर्वत और राजगीर की यात्रा करेंगे.