Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जुम्मे की नमाज पर धार में एक हजार पुलिसकर्मी तैनात:भोजशाला के पास तय स्थान पर होगी नमाज, संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी

INT News7 August 2026 at 12:52 pm

धार शहर में जुम्मे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भोजशाला परिसर के आसपास, शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और नाकों पर करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसका उद्देश्य नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था को पूरी तरह बनाए रखना है। एसपी सचिन शर्मा ने पुष्टि की कि जुम्मे की नमाज भोजशाला के पास सर्वे नंबर 612 पर पूर्व निर्धारित स्थान पर ही अदा की जाएगी। यह निर्णय पहले ही लिया जा चुका था। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी

उन्होंने बताया कि पूर्व में चिन्हित अन्य स्थानों पर सहमति नहीं बन पाई है। हालांकि, यदि संबंधित पक्षों के बीच सहमति बनती है, तो उन स्थानों पर भी नमाज अदा कराई जा सकती है। फिलहाल, पूर्व निर्धारित स्थान और संख्या ही तय है, और लोगों से उसी के अनुरूप वहां पहुंचने की अपील की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे समय मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का आग्रह भी किया। देखिए तस्वीरें… सुप्रीम कोर्ट में 5 अगस्त को होना था सुनवाई

बता दें कि भोजशाला को लेकर मुस्लिम पक्ष की ओर से दायर चार याचिकाओं पर बुधवार (5 अगस्त) को सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश संजय कुमार और संजीव सचदेवा की खंडपीठ के समक्ष सुनवाई प्रस्तावित थी, हालांकि सुनवाई नहीं हुई। फिलहाल सुनवाई की तारीख को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। याचिकाएं 15 मई 2026 को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेश को चुनौती देते हुए दायर की गई हैं। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन, अधिवक्ता विनय जोशी सहित अन्य प्रतिनिधि पक्ष रखेंगे। याचिका में संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रंजना अग्निहोत्री, आशीष गोयल, आशीष जनक, मोहित गर्ग, सुनील सारस्वत सहित अन्य को भी प्रतिवादी बनाया गया है। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के धार जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल यादव एवं नगर अध्यक्ष मनीष मकवाना ने बताया कि संगठन सुनवाई पर लगातार नजर बनाए हुए है। तय होगा- आगे कैसी होगी व्यवस्था

यह मामला लंबे समय से विचाराधीन है। आगामी सुनवाई में यह स्पष्ट हो सकता है कि यह अंतरिम व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी या इस संबंध में नया आदेश जारी होगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन, मंदिर पक्ष और मस्जिद पक्ष सभी इस सुनवाई का इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद के बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने भोजशाला को वाग्देवी का मंदिर माना था। मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… भोजशाला के बिलकुल पास दें नमाज की जगह धार की ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में जुमे की नमाज को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। तीन सदस्यीय पीठ ने कहा कि कोर्ट के 14 जुलाई के अंतरिम आदेश का केवल औपचारिक नहीं, बल्कि उसकी मूल भावना के अनुरूप अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। पढ़ें पूरी खबर… साध्वी ऋतंभरा बोलीं- राजा भोज का वैभव फिर लौटेगा गुरुवार (6 अगस्त) को भोजशाला पहुंची साध्वी ऋतंभरा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां वाग्देवी के दर्शन-पूजन किए। केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक भोजशाला परिसर पहुंचे। पूरे परिसर में जय श्रीराम और मां वाग्देवी के जयघोष गूंजते रहे। पूरी खबर पढ़िए…