समाचार · हरियाणा
सोहना में मंदिर से चांदी की मूर्ति चोरी:ताले तोड़कर घुसे चोर, देवी के आभूषण, 18 हजार चुराए, बोरी में भरकर ले गए सामान
गुरुग्राम जिले के सोहना के प्राचीन शीतला माता मंदिर में देर रात चोरी हो गई। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दानपात्र में रखी करीब 18 हजार रुपए की नकदी, एक मूर्ति चांदी की, तांबे की एक मूर्ति समेत देवी-देवताओं के आभूषण, पोशाक चोरी कर फरार हो गए। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, चोर देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर परिसर में दाखिल हुए। उन्होंने पहले दानपात्र को निशाना बनाया, फिर मंदिर में स्थापित चांदी की मूर्तियां और देवी-देवताओं की पोशाक भी चुरा लीं। आरोपियों ने चोरी किए गए सामान को एक बोरी में भरा और मौके से फरार हो गए। कुछ दूरी पर दानपेटी को छोड़कर भागे चोर वारदात के दौरान आरोपी मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित शिव मंदिर भी पहुंचे। वहां उन्होंने शीतला माता मंदिर से चुराई दानपेटी को छोड़ दिया, लेकिन अन्य कीमती सामान अपने साथ ले गए। सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो मंदिर का सामान बिखरा देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी, सीआईए की टीम और पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। शिव मंदिर से बरामद दानपेटी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात जांच के दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली। फुटेज में संदिग्ध चोर बोरी में सामान भरकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के मार्ग और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। चौकी इंचार्ज मनोज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। विभिन्न टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।