समाचार · झारखंड
रांची विवि: यूजी सेमेस्टर-वन में एक ही विषय के दो अलग-अलग प्रश्न पत्र बंटे

Ranchi University News: रांची विवि द्वारा यूजी सेमेस्टर-वन की चल रही परीक्षा में शुक्रवार को एक ही सत्र के विद्यार्थियों को दो अलग-अलग प्रश्न पत्र मिले, जिससे वे परेशान हो गये. विद्यार्थियों ने परीक्षा हॉल में उपस्थित वीक्षक को इसकी जानकारी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. बताया जाता है कि निर्मला कॉलेज केंद्र पर जेनेरिक विषय के रूप समाजशास्त्र परीक्षा में एक ही हॉल में बैठे विद्यार्थियों को अलग-अलग प्रश्न पत्र मिले. आधे विद्यार्थियों को बैकलॉग का प्रश्न पत्र और आधे को वर्तमान प्रश्न पत्र मिल गये.
बढ़ी विद्यार्थियों की चिंता
दोनों प्रश्न पत्र में अलग-अलग सवाल थे. जिन्हें सीबीसीएस बैकलॉग लिखा प्रश्न पत्र मिला, वे बैकलॉग परीक्षार्थी भी नहीं हैं. परीक्षार्थियों ने कहा कि पूछे गये सवालों की पढ़ाई ही नहीं हुई है. इधर, जब परीक्षा नियंत्रक डॉ संजय कुमार सिंह से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि केंद्र से ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है. फिर भी वे पूरे मामले की तहकीकात करायेंगे कि ऐसा कैसे हुआ. उन्होंने कहा कि यह भी देखा जायेगा कि कहीं बैकलॉग परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल तो नहीं हो रहे हैं. फिलहाल परीक्षार्थी इसे लेकर चिंतित हैं.
ये भी पढ़ें- गर्भ में ही जेनेटिक बीमारियों की होगी पहचान, RIMS की बड़ी उपलब्धि, अगले एक साल तक जांच फ्री
ये भी पढ़ें- धनबाद: असर्फी हॉस्पिटल पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 3.27 करोड़ जुर्माना, अवैध निर्माण हटाने का आदेश