Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाई स्क्रीनिंग कमेटी:डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद होंगे अध्यक्ष, सचिन सावंत व निवेदिथ अल्वा होंगे सदस्य; प्रदेश प्रभारी, अध्यक्ष, CLP मेंबर

INT News17 November 2026 at 05:47 am

पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने चुनावी रणनीति को धार देने और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए पंजाब की स्क्रीनिंग कमेटी का गठन कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। जारी सूची के मुताबिक, वरिष्ठ नेता डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को पंजाब स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके साथ कमेटी में दो अन्य सदस्यों को भी शामिल किया गया है, जिनमें सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा का नाम शामिल है इसके अलावा, पार्टी के संविधान और नियमों के अनुसार राज्य के शीर्ष नेतृत्व को भी इस कमेटी में जगह दी गई है। पंजाब मामलों के एआईसीसी प्रभारी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता और प्रदेश प्रभारी के साथ संबद्ध एआईसीसी सचिव इस कमेटी के पदेन सदस्य होंगे। इस कमेटी के गठन के साथ ही राज्य में टिकट के दावेदारों की धड़कनें तेज हो गई हैं। स्क्रीनिंग कमेटी कैसे करेगी काम, जानिए... दावेदारों के आवेदनों की छंटनी: सबसे पहले विधानसभा की सभी सीटों के लिए टिकट मांगने वाले नेताओं के आवेदनों को इकट्ठा किया जाता है। प्रदेश चुनाव समिति की ओर से भेजी गई सूची पर स्क्रीनिंग कमेटी बारीकी से मंथन करती है और अयोग्य या कमजोर दावेदारों के नाम हटाती है। जमीनी फीडबैक और सर्वे का मिलान: कमेटी केवल बायोडाटा देखकर टिकट तय नहीं करती। वह पार्टी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे, स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय और ब्लॉक व जिला स्तर के नेताओं से मिले फीडबैक का मिलान करती है ताकि उम्मीदवार की असली लोकप्रियता का पता चल सके। जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों पर नजर: पंजाब की राजनीति में हर क्षेत्र माझा, मालवा और दोआबा के अपने अलग समीकरण हैं। कमेटी यह सुनिश्चित करती है कि टिकट बंटवारे में हर वर्ग, समुदाय, युवाओं और महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिले। विवादित सीटों पर पैनल तैयार करना: जिन सीटों पर एक ही मजबूत दावेदार होता है, वहां नाम लगभग तय मान लिया जाता है। लेकिन जिन सीटों पर दो या तीन दिग्गज नेता आमने-सामने होते हैं, वहां कमेटी 2 से 3 संभावित नामों का एक पैनल तैयार करती है। केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) को भेजना: सभी 117 विधानसभा सीटों पर मंथन करने के बाद स्क्रीनिंग कमेटी अपनी अंतिम रिपोर्ट और तैयार किए गए पैनल को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) को सौंप देती है। अंतिम मुहर कांग्रेस अध्यक्ष और CEC की बैठक में ही लगती है।