समाचार · पंजाब
सरहिंद कैनाल में मिला 60 साल के बुजुर्ग का शव:बठिंडा पुलिस ने पहचान के लिए 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा, कुर्ता पायजामा पहने हुए है
बठिंडा की सरहिंद कैनाल में पुहला के पास एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम और थाना नथाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। सहारा टीम के सदस्यों राजेन्द्र कुमार, संदीप गिल और संदीप वर्मा ने पुलिस की मौजूदगी में शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक एक अमृतधारी व्यक्ति है, जिसने सफेद कुर्ता-पजामा पहना हुआ था। उसकी उम्र लगभग 60 से 65 साल के बीच बताई जा रही है। पहचान के प्रयास जारी मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस कार्रवाई के बाद सहारा टीम ने शव को बठिंडा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।थाना नथाना के एएसआई हरविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में पोस्टर लगवाकर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पहचान के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटों के लिए रखा गया है, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।