समाचार · छत्तीसगढ़
बिहार से आ रहा 304 क्विंटल धान का ट्रक पकड़ा:चिल्फी चेकपोस्ट पर 750 बोरी धान जब्त, मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर कार्रवाई
कवर्धा में दूसरे राज्यों से अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने चेकपोस्टों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में चिल्फी चेकपोस्ट पर संयुक्त टीम ने बिहार के कैमूर से आ रहे धान से लदे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में 750 बोरी धान का परिवहन किया जा रहा था। जिला प्रशासन के अनुसार, इसमें 30.4 क्विंटल धान था। टीम ने ट्रक सहित धान जब्त कर लिया है। मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर प्रकरण तैयार कर कार्रवाई की गई है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी कलेक्टर के निर्देश पर जिले की अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां खाद्य, मंडी, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीमावर्ती रास्तों से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि दूसरे राज्यों से अवैध धान जिले में प्रवेश कर समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था को प्रभावित न कर सके। अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित विभागों को चेकपोस्टों पर मुस्तैदी से निगरानी रखने और अवैध धान परिवहन के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध परिवहन और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।