Monday, 6 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कोरबा में बारिश के बीच बिजली खंभे में शॉर्ट सर्किट:15 मिनट तक आतिशबाजी की तरह जलता रहा खंभा, दमकल ने पाया काबू

INT News6 July 2026 at 09:38 pm

कोरबा में सोमवार को लगातार बारिश और आंधी के बीच निहारिका स्थित बिलासा ब्लड बैंक के पास एक विद्युत खंभे में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे खंभे में आग लग गई और करीब 10 से 15 मिनट तक चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे यह आतिशबाजी की तरह जलता रहा। घटना से आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बारिश के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ खंभे में स्पार्किंग शुरू हुई और देखते ही देखते आग लग गई। खंभे से निकलती चिंगारियां आसपास की दुकानों और वाहनों पर गिर रही थीं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बढ़ गई। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल ने पाया काबू सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने जल रहे बिजली खंभे पर पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर, आग लगने के तुरंत बाद विद्युत प्रवाह बंद कर दिया गया। इससे बिलासा ब्लड बैंक, आसपास के कॉम्प्लेक्स और मार्केट क्षेत्र की बिजली गुल हो गई, जिससे व्यापारियों को अपना काम बंद करना पड़ा। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त खंभे व तारों को बदलने का सुधार कार्य शुरू किया। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले में बारिश और तेज हवा के कारण बिजली खंभों में लगातार शॉर्ट सर्किट की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि विभाग द्वारा समय पर रखरखाव और जांच नहीं की जा रही है, जिसके कारण बारिश में ऐसी घटनाएं बढ़ गई हैं। व्यापारियों ने मांग की है कि बारिश के मौसम से पहले सभी विद्युत खंभों और तारों की विशेष जांच कराई जाए और जर्जर तारों को बदला जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।