समाचार · झारखंड
सात अधिकारियों से खुलेगा रिम्स जमीन घोटाले का राज? ACB ने पांच दिन की रिमांड पर लिया

रांची. रिम्स जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तार सात प्रशासनिक और निबंधन पदाधिकारियों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है. इस दौरान जांच एजेंसी उनसे जमीन अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और दस्तावेजों में कथित हेराफेरी को लेकर पूछताछ करेगी. अधिकारियों से पूछताछ के जरिए जमीन घोटाले से जुड़े सिंडिकेट और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश होगी. इधर, एसीबी से गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद राज्य सरकार ने भी सातों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है. उन्हें जल्द निलंबित किया जा सकता है.
शुक्रवार सुबह सात अधिकारियों के ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
एसीबी ने शुक्रवार सुबह आइएएस मनोज कुमार रंजन और एसडीओ मनोज कुमार समेत सात आरोपियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी. इस दौरान जमीन से जुड़े अहम दस्तावेजों की जांच की गयी. इसके बाद रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत सात अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अधिकारियों में पूर्व एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन, पूर्व सीओ शैलेश कुमार और राजेश कुमार तथा तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे और वैभव मणि त्रिपाठी शामिल हैं.
पहले बिल्डर और जमीन दलाल जा चुके हैं जेल
झारखंड हाइकोर्ट के आदेश पर इस मामले की जांच चल रही है. इससे पहले बिल्डर शुभम साबू और जमीन दलालों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. अब सात अधिकारियों से रिमांड पर पूछताछ के दौरान जमीन घोटाले से जुड़े लेनदेन, दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जानकारी जुटायी जायेगी.