समाचार · झारखंड
सीआईएसएफ-सीसीएल की बड़ी कार्रवाई, 100.080 टन अवैध कोयला और 50 मोटरसाइकिलें जब्त

बेरमो से राकेश वर्मा की रिपोर्ट
Bokaro News: बोकारो जिले के गांधीनगर स्थित सीसीएल बीएंडके क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ और सीसीएल प्रबंधन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार तड़के कारो माइंस अंतर्गत डीसीसीपीएल पैच में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान 100.080 टन अवैध कोयला और 50 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं. संयुक्त टीम के पहुंचते ही अवैध कारोबार में शामिल तस्कर कोयला और मोटरसाइकिलें छोड़कर पास के जंगल की ओर फरार हो गए. अधिकारियों ने इसे हाल के दिनों की बड़ी कार्रवाई बताते हुए कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
गुप्त सूचना के आधार पर बनाई गई थी रणनीति
जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि डीसीसीपीएल पैच स्थित कंपनी के खनन क्षेत्र से बाहरी लोग मोटरसाइकिलों के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध कोयले का परिवहन कर रहे हैं. सूचना की पुष्टि होने के बाद सीसीएल करगली यूनिट के कमांडेंट राज प्रताप सिंह ने बीएंडके एरिया के महाप्रबंधक संजय कुमार झा और संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद संयुक्त कार्रवाई की विस्तृत योजना तैयार की गई ताकि तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके.
सुबह पांच बजे से चला विशेष छापेमारी अभियान
सीआईएसएफ और सीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह करीब पांच बजे से आठ बजे तक योजनाबद्ध तरीके से विशेष छापेमारी अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व डीके पाण्डेय और बीएंडके के एएसओ पी.एन. सिंह ने किया. कार्रवाई के दौरान टीम ने देखा कि बड़ी संख्या में अज्ञात तस्कर बोरियों में कोयला भरकर मोटरसाइकिलों से उसकी ढुलाई कर रहे थे. सुरक्षा बलों को देखते ही सभी तस्कर अपने वाहन और कोयला छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले. इसके बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया.
100.080 टन कोयला और 50 बाइक बरामद
तलाशी अभियान के दौरान डीसीसीपीएल पैच के आसपास से कुल 100.080 टन अवैध कोयला और 50 मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की गईं. प्राथमिक जांच में पाया गया कि जब्त किया गया कोयला सीसीएल के बीएंडके एरिया का है. जांच के दौरान मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति ने कोयले पर अपना स्वामित्व नहीं जताया और न ही उससे संबंधित कोई वैध चालान या दस्तावेज प्रस्तुत किया गया. अधिकारियों ने जब्त सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
चार लाख से अधिक आंकी गई जब्त कोयले की कीमत
सीसीएल प्रबंधन ने एक्ट कंट्रावेंशन सर्टिफिकेट (एसीसी) जारी करते हुए जब्त किए गए कोयले का अनुमानित मूल्य 4 लाख 23 हजार 671 रुपये आंका है. जब्त मोटरसाइकिलों और अवैध कोयले के संबंध में एमएमडीआर अधिनियम के तहत गांधीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: SIR की समय सीमा एक महीने और बढ़ाई जाए, बंधु तिर्की ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा पत्र
अवैध खनन पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
सीआईएसएफ और सीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कोयले के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ भविष्य में भी संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे. अधिकारियों ने कहा कि सरकारी संपत्ति की चोरी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रख रही हैं और सूचना तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई कर अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके.
इसे भी पढ़ें: शुभम साहू हत्याकांड: आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन, महिलाओं ने किया प्रदर्शन