समाचार · हरियाणा
KMP पर खड़े कैंटर से वाहन टकराने से ड्राइवर एक्सपार:बिना इंडिकेटर खड़ा था; दिखाई न देने से हुआ हादसा, मामला दर्ज
सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रात सड़क पर बिना किसी इंडिकेटर या साइन बोर्ड के खड़े कैंटर से दूसरा कैंटर टकरा गया। हादसे में एक कैंटर चालक की मौके पर गंभीर हालत हो गई। एंबुलेंस से उसे खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के वाहन मालिक ने खरखौदा थाना पुलिस को शिकायत देकर सड़क के बीच लापरवाही से वाहन खड़ा करने वाले चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहरोड़ से नरेला जा रहा था कैंटर शाहपुर गढ़ी, नरेला दिल्ली निवासी सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गवारू खुर्द के रहने वाले 33 वर्षीय हाफिज खान उनकी गाड़ी पर ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। वह कैंटर नंबर HR-55BC-1569 का मालिक है। उसका कैंटर डीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में चलता है। ड्राइवर हाफिज खान कैंटर लेकर बहरोड़ राजस्थान से नरेला दिल्ली की तरफ KMP के रास्ते आ रहा था। गोपालपुर के पास सड़क पर खड़ा था दूसरा वाहन शिकायत के अनुसार, जब कैंटर गोपालपुर गांव के पास KMP हाईवे पर पहुंचा तो सड़क पर UP-17AT-2373 नंबर का वाहन खड़ा हुआ था। आरोप है कि वाहन चालक ने सड़क पर वाहन खड़ा करते समय न तो कोई इंडिकेटर चलाया और न ही कोई साइन बोर्ड लगाया था। वाहन सड़क के बीच में खड़ा होने के कारण पीछे से आ रहा कैंटर उससे टकरा गया। टक्कर के बाद चालक को आई गंभीर चोटें हादसे में कैंटर चालक हाफिज खान को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद एंबुलेंस की मदद से उसे खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने हाफिज खान की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर वाहन मालिक सूरज भी अस्पताल पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस को मौके पर नहीं मिला घायल पुलिस की कार्रवाई के अनुसार, 12 अगस्त को KMP हाईवे पर गोपालपुर के पास दो वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद SI अशोक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कोई घायल नहीं मिला। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर साइड में खड़ा करवाया गया। अस्पताल से मिली चालक की मौत की सूचना पुलिस टीम को खरखौदा CHC से रुक्का के माध्यम से हादसे में व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। जांच में मृतक की पहचान हाफिज खान निवासी गवारू खुर्द, हाथरस के रूप में हुई। अस्पताल में ही वाहन मालिक सूरज पुलिस को मिला और उसने लिखित शिकायत दी। लापरवाही का आरोप, केस दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और 285 BNS के तहत अपराध बनता पाया। इसके बाद शिकायत को कार्रवाई के लिए थाने भेजा गया। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरे वाहन के चालक की तलाश पुलिस के अनुसार, हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे UP-17AT-2373 वाहन के चालक का नाम-पता फिलहाल शिकायतकर्ता को मालूम नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना की परिस्थितियों तथा संबंधित वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। शव से संबंधित आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी पुलिस द्वारा की जा रही है।