समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया में कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग:वार्डवासियों ने एसपी से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की
दतिया के इंदरगढ़ में सोमवार सुबह कोचिंग सेंटरों के बाहर दो अज्ञात युवकों ने कट्टे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। छात्र से विवाद के बाद फायरिंग प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजा का बाग रोड पर पहले एक छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मोटरसाइकिल से दो अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली चलने के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए। फायरिंग से छात्रों में मची भगदड़ राजा का बाग रोड पर कई कोचिंग सेंटर संचालित होते हैं, जिसके चलते सुबह के समय यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की आवाजाही रहती है। फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद विद्यार्थियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश घटना की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि अज्ञात युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। कोचिंग सेंटरों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल घटना के बाद वार्डवासियों ने कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश कोचिंग सेंटरों पर CCTV कैमरे तक नहीं लगे हैं। वार्डवासियों ने एसपी को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत भेजकर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।