Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

4 गोलियां मारने से ठीक पहले क्या हुआ था? लखीमपुर खीरी मर्डर केस का वो सनसनीखेज फुटेज, जिसने उड़ा दिए पुलिस के भी होश

INT News22 September 2026 at 11:46 am

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में शिक्षिका निशात फातिमा की हत्या से पहले का CCTV फुटेज सामने आया है. वीडियो में आरोपी सऊद अंसारी शिक्षिका को जबरन पकड़कर स्कूल की पहली मंजिल की सीढ़ियों की तरफ ले जाता दिखाई दे रहा है. निशात खुद को बचाने के लिए लगातार विरोध करती नजर आती हैं. फुटेज सामने आने के बाद इस हत्याकांड की जांच में एक अहम साक्ष्य पुलिस के हाथ लगा है.

CCTV में निशात को जबरन ले जाता दिखा आरोपी

सामने आए CCTV फुटेज में स्कूल परिसर का वह दृश्य कैद है, जो वारदात से कुछ समय पहले का बताया जा रहा है. वीडियो में सऊद अंसारी शिक्षिका निशात फातिमा को पकड़कर जबरन पहली मंजिल की ओर ले जाता नजर आ रहा है. निशात इस दौरान खुद को छुड़ाने की कोशिश करती दिखाई देती हैं. फुटेज में वह आरोपी का विरोध करती नजर आ रही हैं, जबकि सऊद उन्हें खींचकर सीढ़ियों की तरफ ले जाता है.

आसपास लोग मौजूद, लेकिन कोई रोकने नहीं आया

CCTV फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि घटना के समय स्कूल परिसर में छात्र, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद थे. इसके बावजूद आरोपी को रोकने या शिक्षिका को उसके कब्जे से छुड़ाने के लिए कोई व्यक्ति आगे आता हुआ नजर नहीं आता. इसी वजह से सामने आए फुटेज ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. यह वीडियो अब पूरे मामले की जांच में अहम कानूनी साक्ष्य माना जा रहा है.

पहली मंजिल पर पहुंचने के बाद चली गोलियां

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी शिक्षिका को जबरन पहली मंजिल पर ले गया. इसके कुछ ही देर बाद स्कूल में गोलियों की आवाज सुनाई दी. पुलिस के अनुसार, सऊद अंसारी ने तमंचे से निशात फातिमा को बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके तुरंत बाद आरोपी ने उसी हथियार से अपनी कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली.

भाई की तहरीर में पीछा करने और शादी का दबाव बनाने का आरोप

मामले में मृतका के भाई शादाब अख्तर ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है. तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सऊद अंसारी लंबे समय से निशात फातिमा का पीछा कर रहा था और उन्हें परेशान करता था. परिवार के मुताबिक, आरोपी निशात पर शादी करने का दबाव भी बना रहा था. परिजनों ने कई बार सऊद को समझाने की कोशिश की और उसके माता-पिता से भी शिकायत की थी. इसके बावजूद कथित तौर पर स्थिति में सुधार नहीं हुआ.

BNS की दो धाराओं में दर्ज हुआ मामला

शादाब अख्तर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सऊद अंसारी के खिलाफ हत्या की BNS धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. वहीं, उसके माता-पिता के खिलाफ आपराधिक साजिश की BNS धारा 61 में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है.

Instagram पोस्ट और डिजिटल सबूत भी जांच के दायरे में

घटना के बाद आरोपी से जुड़े बताए जा रहे Instagram अकाउंट की कुछ पोस्ट और स्टोरीज भी सामने आई हैं, जिन्हें घटना से ठीक पहले का बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस इन सोशल मीडिया गतिविधियों का फॉरेंसिक विश्लेषण करा रही है. जांच में पुलिस की फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस सेल CCTV फुटेज के साथ मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR), सोशल मीडिया अकाउंट्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटा रही है.

पोस्टमार्टम में शरीर पर चार गोलियां लगने की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, निशात फातिमा को चार गोलियां लगी थीं. इनमें दो गोलियां सिर के ऊपरी हिस्से में और दो गोलियां सिर के निचले हिस्से यानी गर्दन के पास लगी थीं. CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

Also Read: यूपी में अब वैज्ञानिक तरीके से होगा पशुपालन, किसानों और पशु सखियों को मिलेगा खास प्रशिक्षण,जानें किन्हें मिलेगा लाभ