समाचार · मध्य प्रदेश
धार में पीएम सड़क मेंटेनेंस पीरियड में जर्जर:बरमंडल-सिंदुरिया सड़क पर गड्ढे; ग्रामीण बोले- पेचवर्क भी उखड़ा, विभाग ने किया इनकार
धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी बरमंडल-सिंदुरिया सड़क की स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क करीब दो साल से जगह-जगह जर्जर है। उनका कहना है कि सड़क अभी मेंटेनेंस पीरियड में है, इसके बावजूद स्थायी सुधार नहीं हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और 181 हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराई गईं। आरोप है कि शिकायतों का स्थायी समाधान होने के बजाय विभागीय स्तर पर ही उनका ‘निराकरण’ दर्ज कर दिया जाता है। करीब एक महीने पहले सड़क के कुछ हिस्सों में पेचवर्क कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि मरम्मत चुनिंदा स्थानों पर ही की गई और कुछ ही समय बाद पेचवर्क उखड़ गया। इससे सड़क के कुछ हिस्सों में फिर गड्ढे हो गए। ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। रोजाना वाहनों की आवाजाही, हादसे का खतरा ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क पर रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। कई स्थानों पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। अधिकारी बोले- सड़क जर्जर नहीं, ट्रैफिक से होते हैं गड्ढे इस संबंध में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग के अधिकारी शौर्य सिंह से संपर्क किया गया। उन्होंने बरमंडल-सिंदुरिया मार्ग के जर्जर होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई सड़क नहीं है और वे इस दावे को चुनौती दे सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि सड़क पर ट्रैफिक बढ़ने के कारण गड्ढे हो जाते हैं। ग्रामीणों ने मौके पर निरीक्षण की मांग की ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क मेंटेनेंस पीरियड में है और बढ़ते ट्रैफिक के कारण सड़क खराब हो रही है, तो नियमित मरम्मत और रखरखाव की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके पर भौतिक निरीक्षण कर सड़क की स्थिति की जांच करने की मांग की है।