समाचार · मध्य प्रदेश
धार में रक्षाबंधन से पहले मिलावट के खिलाफ अभियान:महीनेभर में 150 से ज्यादा सैंपल लिए, भोपाल जांच के लिए भेजे; 25 केस दर्ज
धार जिले में रक्षाबंधन से पहले खाद्य पदार्थों की जांच तेज कर दी गई है। पिछले एक महीने में खाद्य विभाग ने मावा, पनीर और दूसरी खाद्य सामग्री के 150 से ज्यादा सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। इस दौरान मिलावट और नियमों के उल्लंघन से जुड़े 25 मामले एडीएम न्यायालय में दायर किए गए हैं। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी सचिन लोगरिया ने बताया कि सुल्तानपुर के महादेव मार्केट स्थित निविया मावा भंडार की जांच की गई। यहां से मावा और अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें भोपाल लैब में भेजा गया है। 25 मामलों में कई तरह के उल्लंघन अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई चल रही है। धरमपुरी, मनावर और गंधवानी के बाद अब पीथमपुर और सरदारपुर में भी जांच की जा रही है। एडीएम न्यायालय में दर्ज 25 मामलों में मिलावटी खाद्य पदार्थ, मावा-पनीर की गुणवत्ता में कमी, खाद्य लाइसेंस नहीं होना और बिना पंजीकरण दुकान चलाने जैसे मामले शामिल हैं। इन मामलों में नियम के अनुसार कार्रवाई होगी। रक्षाबंधन तक मिठाई पर नजर खाद्य विभाग की टीम रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई, मावा और पनीर बेचने वाली दुकानों पर खास नजर रख रही है। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियम तोड़ने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।