समाचार · मध्य प्रदेश
रक्षाबंधन के एक दिन पहले भाई को लगा करंट, मौत:राजगढ़ में फूट-फूटकर रोई बहन; पंखे का तार लगाते समय झुलसा
राखी से एक दिन पहले एक बहन के लिए त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। राजगढ़ जिले के भादाहेड़ी गांव में गुरुवार को 48 वर्षीय रोडमल भिलाला की करंट लगने से मौत हो गई। वह खेत से चारा काटकर घर लौटा था और पंखा चलाने के लिए बिजली का तार लगा रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भाई की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंची बहन राधाबाई फूट-फूटकर रो पड़ी। राधाबाई के लिए गुरुवार का दिन जिंदगीभर का दर्द दे गया। राखी के एक दिन पहले उसे उम्मीद थी कि अगले दिन वह अपने इकलौते भाई रोडमल की कलाई पर राखी बांधेगी, लेकिन अचानक हुए हादसे में भाई की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने के बाद भाई को खोने के गम में राधाबाई फूट-फूटकर रोने लगी। इस घटना से परिवार में त्योहार की तैयारियों के बीच मातम पसर गया। खेत से चारा लेकर लौटा था, तार लगाते समय लगा करंट
जानकारी के अनुसार रोडमल गुरुवार को खेत से चारा काटकर घर लौटा था। इसके बाद वह घर के बाहर पंखा चालू करने के लिए बिजली का तार लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा। परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी और दो बेटों के साथ रहता था
रोडमल गांव में अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहता था। उसका एक बेटा पीतमपुर में प्राइवेट नौकरी करता है। रोडमल खेती-किसानी का काम करता था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।