Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बिलासपुर के शिव मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़:सावन सोमवार से पहले निकली कावड़ यात्रा, हर-हर महादेव और बम बम भोले से गूंजा शिवालय

INT News10 August 2026 at 03:52 pm

छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी बिलासपुर में श्रावण मास के दूसरे सोमवार को सुबह से शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान भगवान शिव की विशेष पूजा आराधना के साथ रूद्राभिषेक किया गया। वहीं, पूरे दिन मंदिरों में माहौल शिवमय बना रहा। इससे पहले रविवार को कांवड़ियों का जत्था निकला, ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ नंदीश्वर शिव मंदिर पहुंचे। इन मंदिरों में भगवान को जल अर्पित करने भीड़ उमड़ी

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मनोकामना पूरी करने के लिए प्रार्थना की। शहरभर के मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, विशेष पूजा-अर्चना, पार्थिव शिवलिंग निर्माण और महाआरती का क्रम दिनभर चलता रहा। शहर के अष्टमुखी शिव मंदिर, सरकंडा स्थित पीतांबरा पीठ, नूतन चौक के स्फटिकेश्वर महादेव, घोंघा बाबा मंदिर, हरदेवलाल मंदिर, तिफरा काली मंदिर परिसर, व्यंकटेश मंदिर, तिलक नगर श्रीराम मंदिर, जगमल चौक सीताराम मंदिर, चांटीडीह मेलापारा शिव मंदिर, विद्यानगर शिव मंदिर और नंदीश्वर मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भैरव बाबा मंदिर में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का निर्माण

रतनपुर स्थित भैरव बाबा मंदिर में सावन के अवसर पर सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ शुरू हो गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका पूजन और रुद्राभिषेक कर रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चल रहे इस आयोजन में दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। सोमवार को भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। इस दौरान भक्त पार्थिव शिव लिंग बनाने में सहयोग करते नजर आए। सड़कों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजा ‘बोल बम’

रविवार को शहर की सड़कों पर कांवड़ियों का जत्था निकला। इस दौरान चारों तरफ ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। छठघाट तोरवा, गुरु नानक चौक, गोल बाजार समेत शहर के प्रमुख मार्गों से होकर कांवड़ यात्रा सरकंडा स्थित नंदीश्वर शिव मंदिर पहुंचे, जहां कावड़ियों ने शिव लिंग में जल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा आराधना की। छठघाट से जल लेकर निकले श्रद्धालु

धर्मप्रेमी समितियों की ओर से निकाली गई इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने अरपा नदी स्थित घठघाट से जल लेकर कावड़ यात्रा शुरू की। कांवड़ियों में युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ शामिल हुए। श्रद्धालु नंगे पैर चलकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते नजर आए।